लखनऊ/लखीमपुर खीरी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की योगी की सरकार पर लगातार हमलावर हैं। राज्य में कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे उठाते हुए वह योगी सरकार पर कटाक्ष कर रहे हैं। आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शहर में बढ़ती चेन स्नेचिंग मामले में ट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया ट्वीट...गमछे से पहचानिए चेन लुटेरे कौन है| दरअसल अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी में एक चेन स्नेचिंग की घटना का वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें अपराधी भगवा गमछे से अपना मुंह बाधा हुआ दिख रहा है| इस वीडियो को ट्वीट करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा कि ‘गमछे से पहचानिए चेन लुटेरे कौन हैं! चेन_स्नैचिंग_इन_लखीमपुर
वीडियो में बाइक सवार बदमाश युवती के गले से चेन खींच फरार हुए थे| मामले में सदर पुलिस के हाथ खाली है। दरअसल,लखीमपुर खीरी के बहादुरनगर की करने वाली मुस्कान अपनी मां के साथ काशीनगर गई थीं। दोपहर में वह वहां से पैदल मां के साथ वापस जा रही थीं तभी एक बाइक पर सवार दो उचक्के आए और झपट्टा मारकर मुस्कान के गले की सोने की चेन खींचकर भाग गए। उचक्कों की ये करतूत पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
बाइक चला रहा उचक्का हेलमेट पहने था, जबकि पीछे बैठा उचक्का भगवा रंग के गमछे से मुंह ढके था। उसी ने मुस्कान के गले की चेन खींची थी। घटना की शिकायत पुलिस से कर दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से फुटेज प्राप्त कर केस की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी यहां ऐसी घटना हो चुकी है।
इस घटना के वीडियो को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दिया, जिसके बाद से यह खूब वायरल हो रही है। इस वीडियो को ट्वीट करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा कि गमछे से पहचानिए चेन लुटेरे कौन हैं! दरअसल, वारदात का एक अपराधी भगवा रंग के गमछे से मुंह ढके हुए है। जिसे लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसा है।