लखनऊ: शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात लखनऊ में अलीगंज के अनाज मंडी में आग लगी। आग को बुझा लिया गया है और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लखनऊ के नवीन गल्ला मंडी में शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी। सूचना देने के काफी देर बाद दमकल पहुँची। इसकी वजह से लाखों रुपए का गेंहू जलकर राख हो गया। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका|
जिला प्रशासन के अनुसार आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया | घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है| बताया गया कि दाल-चावल की आढ़त में आग लगी थी| सूचना मिलने पर दमकल की पांच गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाया| दमकल के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की भी एक टीम घटनास्थल पर पहुंची थी|
लखनऊ के सीतापुर रोड पर नवीन गल्ला मंडी है। यहाँ से फल, सब्जियों और अनाज का बड़े पैमाने पर कारोबार होता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अनाज की आढ़त में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख चौकीदारों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन करीब आधे घंटे बाद इंदिरानगर फायर स्टेशन से दो दमकल पहुँची। इतनी देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था।
आग का दायरा बढ़ता देख बीकेटी फायर स्टेशन से भी दो दमकल बुलाई गई। इसके बाद टीन शेड तोड़कर आग बुझाने का प्रयास हुआ। दमकल कर्मी एक तरफ से आग बुझा रहे थे, दूसरी ओर वो बढ़ती जा रही थी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने का कारण स्पष्ट नही हो पाया। आग में कई आढ़त का गेंहू जल गया।
इंदिरा नगर फायर स्टेशन के फायर कर्मचारी ने कहा कि,''आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है, यहां हमारी 5-6 गाड़ियों की मदद से आग को बुझा लिया गया है और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है|