लखनऊ: राजधानी लखनऊ में कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। नए संक्रमित मिलने का ग्राफ रोजाना बढ़ रहा है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए होली पर सख्ती हो सकती है । कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सीएम योगी ने दिये संकेत। बैठक कर स्कूल बंद करने का प्लान तैयार करने को कहा। अवैध शराब पर पाबंदी के भी कड़े निर्देश।
सीएम योगी ने अपने सरकारी आवास पर प्रदेश में कोविड-19 की रोकथाम के लिए रणनीति के सम्बन्ध में बैठक की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बता दें कि राजधानी में शनिवार को जहां 115 नए मरीज मिले थे, वहीं रविवार को यह आंकड़ा 141 पहुंच गया। कोरोना की नई लहर के बाद 10 मार्च से लगातार संक्रमण का ग्राफ बढ़ रहा है। इसमें आलमबाग, इंदिरानगर, अलीगंज, गोमतीनगर व चिनहट इलाके में दूसरे इलाकों की अपेक्षा काफी तेजी से संक्रमण फैल रहा है। 20 मार्च तक सामने आए मामलों के आधार पर आलमबाग में सर्वाधिक 103, इंदिरानगर में 88, अलीगंज में 82, गोमतीनगर में 77 व चिनहट में 66 लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। रविवार को सामने आए मामलों में इंदिरा नगर के 10, गोमती नगर के 12 , हजरतगंज के 19, अलीगंज के 15, रायबरेली रोड के 6, विभूति खंड के 9 मरीज शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि रविवार को कुल 24 कोरोना मरीजों को अस्पताल आवंटित किया गया। इनमें से 13 लोग अस्पताल में भर्ती कराए गए, जबकि 11 ने होम आइसोलेशन चुना। राजधानी में इस समय सक्रिय होम आइसोलेशन के रोगी 410 हैं। कोविड-19 कंट्रोल रूम से रविवार को होम आइसोलेशन के 389 मरीजों से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। इसके साथ कोविड-19 कंट्रोल रूम में हेलो डॉक्टर सेवा में 31 मरीजों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया। हेलो डॉक्टर सेवा में 0522-3515700 पर कोविड संबंधित जानकारी ली जा सकती है। इसके साथ ही कोविड कमांड कंट्रोल रूम लखनऊ 0522-4523000, 0522-2610145 पर भी फोन किया जा सकता है।