लखनऊ: भाजपा से निलंबित नेता नूपुर शर्मा और भाजपा से निष्कासित नेता नवीन कुमार जिंदल की विवादित टिप्पणी के विरोध में बीते शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जगह उग्र विरोध प्रदर्शन हुए| अब यूपी सरकार आरोपियों के घरों पर बुलडोजर से कार्रवाई कर रही है| नूपुर शर्मा के विवादित बयान के बाद उत्तर प्रदेश में हुए हिंसक प्रदर्शन में शामिल आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन पर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा है| उन्होंने हिंसक प्रदर्शन में शामिल आरोपियों के घरों को बुलडोजर से ध्वस्त करने की योगी सरकार की कार्रवाई को अनुचित व अन्यायपूर्ण बताया है। साथ ही कोर्ट से अपील की है कि वह इसका जरूर संज्ञान ले।
मायावती ने कहा कि,'' समस्या की मूल जड़ नूपुर शर्मा व नवीन जिन्दल हैं, जिनकी वजह से देश की बदनामी हुई व हिंसा भड़की| दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय घोर पक्षपात करते हुए समुदाय विशेष को टारगेट कर उनके घरों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई अनुचित व अन्यायपूर्ण है।
अपने ट्वीट में मायावती ने लिखा,','' यूपी सरकार एक समुदाय विशेष को टारगेट करके बुलडोजर विध्वंस व अन्य द्वेषपूर्ण आक्रामक कार्रवाई कर विरोध को कुचलने एवं भय व आतंक का जो माहौल बना रही है यह अनुचित व अन्यायपूर्ण। घरों को ध्वस्त करके पूरे परिवार को टारगेट करने की दोषपूर्ण कार्रवाई का कोर्ट जरूर संज्ञान ले।
जबकि समस्या की मूल जड़ नूपुर शर्मा व नवीन जिन्दल हैं जिनके कारण देश का मान-सम्मान प्रभावित हुआ व हिंसा भड़की, उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं करके सरकार द्वारा कानून के राज का उपहास क्यों? दोनों आरोपियों को अभी तक जेल नहीं भेजना घोर पक्षपात व दुर्भाग्यपूर्ण। तत्काल गिरफ्तारी जरूरी।
मायावती ने आगे कहा कि,' सरकार द्वारा नियम-कानून को ताक पर रखकर आपाधापी में किए जा रहे बुलडोजर विध्वंसक कार्रवाईयों में न केवल बेगुनाह परिवार पिस रहे हैं बल्कि निर्दोषों के घर भी ढह दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में पीएम आवास योजना के मकान को भी ध्वस्त कर देना काफी चर्चा में रहा, ऐसी ज्यादती क्यों?