लखनऊ: पंजाब से उत्तर प्रदेश लाए जा रहे मुख्तार अंसारी की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुख्तार अंसारी को उत्तर प्रदेश जेल में ट्रांसफर करने पर अफजाल अंसारी ने कहा कि, जहां तक न्यायिक प्रक्रिया की बात है, उनके खिलाफ 40-50 मामले होने की फर्जी बातें की जा रही हैं। छोटी-बड़ी धाराओं के 13 मुकदमें एमपी एमएलए कोर्ट इलाहाबाद में विचाराधीन हैं उनका परीक्षण होगा|
मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी ने कहा कि,''वो(मुख्तार अंसारी) बीमार हैं, इसी की चिंता है। उसी बांदा जेल में एक बार इन्हें चाय में ज़हर दे दिया गया था|
मुख्तार अंसारी की सुरक्षा को लेकर यमुना एक्सप्रेस वे और लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एडीजी आगरा राजीव कृष्ण ने कहा कि, मथुरा में 90 किलोमीटर का एरिया है। उसके बाद आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी का इलाका भी आगरा जोन में शामिल हैं। इसके लिए थाना पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।
माफिया मुख्तार अंसारी को पंजाब से लेकर निकलने के बाद झांसी जिले में भी खुफिया अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसे लेकर अफसर भी चैकन्ने हो गए हैं। झांसी-ग्वालियर और कानपुर हाइवे पर गोपनीय निगरानी बढ़ा दी गई है। बाहर से आने वाले वाहनों की टोल से निगरानी शुरू कर दी गई है। सादी वर्दी में भी फोर्स लगाया गया है।
माफिया मुख्तार अंसारी को पंजाब से लेकर आने की सूचना पर शामली पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। बताया गया कि यूपी पुलिस शामली के रास्ते मुख्तार अंसारी को पंजाब से लेकर निकल सकती है। इस सूचना के बाद मेरठ रोड पर भी पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
उत्तर प्रदेश के मऊ के बीएसपी विधायक मुख्तार अंसारी के खिलाफ प्रदेश में 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। जबकि उसके गैंग के करीब 95 सदस्यों को यूपी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी उस पर कार्रवाई चल रही है।