मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में साइबर सेल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर फर्जी आई0डी0 बनाकर अश्लील पोस्ट करने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। मैनपुरी पुलिस ने बताया,''आवेदिका/पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपस्थिति होकर प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि मेरा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कोई भी अकाउण्ट नही है। किसी व्यक्ति द्वारा मेरे भाई रिषभ ठाकुर के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउण्ट बनाकर मेरी व मेरी बहन की फोटो पोस्ट कर अश्लील टिप्पणी की गयी है।
पीड़िता व उसके परिवार की आम जनमानस में छवि धूमिल हो रही है। जिससे वह मानसिक रूप से काफी पेरशान है। उक्त के सम्बन्ध में मु0अ0सं0 102/22 धारा 469, 509 (ख) भादवि व 66डी आईटी एक्ट थाना दन्नाहार मैनपुरी पर पंजीकृत कराया गया। उक्त प्रकरण को गम्भीरता के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक जनपद मैनपुरी द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के कुशल निर्देशन व क्षेत्राधिकारी भोगाव/साइबर के नेतृत्व में साइबर सेल व थाना पुलिस को अज्ञात का पता लगाकर शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस ने बताया,;;उच्चाधिकारियों द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशन के क्रम में साइबर सेल द्वारा थाना दन्नाहार पर पंजीकृत अभियोग में फेसबुक से प्राप्त सूचनाओं व तकनीकी सूचनाओं का विश्लेषण कर ज्ञात हुआ कि यह कृत्य आवेदिका/पीडिता के पति द्वारा ही किया जा रहा था। जिसे आज साइबर सेल द्वारा अथक प्रयास कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गये अभियुक्त द्वारा पूछताछ पर बताया कि मेरा अपनी पत्नी से पूर्व से ही विवाद चल रहा था। जिससे उसको बदनाम व परेशान करने के उद्देश्य से यह कृत्य किया जा रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त- शिवम पुत्र नबाव सिंह नि0 रामनगर थाना किशनी मैनपुरी।