मऊ: मऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि,''साल 2017 के पहले प्रदेश में नौकरी भी चेहरा देखकर दी जाती थी, लेकिन हमने पिछले पौने चार वर्ष के दौरान पौने चार लाख सरकारी नौकरियां प्रदेश के युवाओं को दी| आज युवाओं की प्रतिभा के साथ कोई धोखा नहीं कर सकता। अगर कोई रिश्वतखोरी और बेईमानी करेगा तो उसकी जगह जेल में होगी। बेईमानों और माफियाओं को जेल पहुंचाने का कार्य यूपी सरकार मजबूती के साथ कर रही है
उन्होंने कहा,''सरकार गरीबों के साथ कोई भेदभाव नहीं होने देगी। जाति के नाम पर, मत और मजहब के नाम पर, क्षेत्र व भाषा के आधार पर, किसी से भी कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। सबको साथ लेकर सबका विकास सुनिश्चित किया जाएगा। गरीबों का हक मारने वालों को बख्शा नहीं जाएगा|
CM योगी ने कहा,योजानाओं का लाभ और शासन का पैसा सही जगह इस्तेमाल हो तो समस्या नहीं आती। समस्या तो तब आती थी जब पिछली सरकारें इन मिलों की जमीनों को बेचने का काम कर रही थीं। जब ये कारखाने एक-एक करके बंद होते थे तब औने-पौने दामों पर उनकी जमीनों को नीलाम करती थीं| हमने चीनी मिलों की ज़मीनों को बेचा नहीं बल्कि कोविड के दौरान भी उन्हें फिर से चलाया। हमने कहा है जिन चीनी मिलों का मामला सुप्रीम कोर्ट में है, जैसे ही निस्तारण होगा फिर से उनके पुनरोद्धार की व्यापक कार्ययोजना बनानी चाहिए क्योंकि यह किसानों के हित में है
उन्होंने कहा,''उत्तर प्रदेश तेजी से विकास करने वाला प्रदेश बन गया है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में कई बड़ी परियोजनाएं शुरू की हैं| CM योगी ने कहा,''हर नौजवान को रोजगार देना, हर किसान को समय पर खाद, बीज एवं फसल की सिंचाई हेतु पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना, व्यापारी को पुख्ता सुरक्षा की गारंटी देना, हर महिला के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना वर्तमान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है