मेरठ: 13 साल पहले जिस प्रेमी युगल ने जिंदगीभर के लिए एक-दूसरे का हाथ थामा था, आज वही प्रेमी अपनी प्रेमिका (पत्नी) की जान का दुश्मन बन गया। प्रेमी पति ने पहले हथौड़े और फिर चाकू से आखिरी सांस तक पत्नी पर वार किए, इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के शिवलोकपुरी की है, जहां पति ने अपनी सरकारी शिक्षिका पत्नी प्रतिमा की गुरुवार को हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और कहा कि पत्नी आए दिन झगड़ा करती थी। इसलिए उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के शिवलोकपुरी में गुरुवार को दिन निकलते ही दिल दहला देने वाली घटना से लोग सहम उठे। बताया जा रहा,''शराब के लिए रुपये न देने पर पति ने अपनी शिक्षिका पत्नी की हथौड़े से वार व चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी खून से सना चाकू लेकर थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
मेरठ सिटी के एसपी विनीत भटनागर ने बताया,''थाना कंकरखेड़ा के अंतर्गत एक व्यक्ति अपनी पत्नी की हत्या करके थाने पहुंचा है। उसने बताया कि कोविड के दौरान उसका कारोबार समाप्त हो गया था जिसके चलते घर में कलह रहती थी। हथौड़े से सिर पर प्रहार करके उसने हत्या की। मामले में जांच जारी है|
दोनों ने 13 साल पहले लव मैरिज की थी
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के शिवलोकपुरी में नत्थू सिंह सेवानिवृत वकील का परिवार रहता है। नत्थू सिंह के दो बेटे हैं। जिनमें, देवेंद्र वर्मा अपनी पत्नी प्रतिमा वर्मा के साथ रहता है। शिवलोक पुरी निवासी देवेंद्र ने 13 साल पहले श्रद्धापुरी सेक्टर 3 निवासी प्रतिमा (35) से लव मैरिज की थी। प्रतिमा के परिवार में दो बहन और एक भाई है। प्रतिमा सरधना के नानू गांव में प्राइमरी स्कूल में सरकारी शिक्षिका थी। दोनों के 10 वर्षीय बेटा आशु है।
शराब के पैसे नहीं दिए तो हथौड़े से सिर फोड़ दिया
गुरुवार को देवेंद्र ने पत्नी से शराब के लिए रुपये मांगे, जिसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। प्रतिमा पति को शराब पीने से मना कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि प्रतिमा ने पति देवेंद्र को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए देवेंद्र ने पत्नी पर ताबड़तोड़ हथौड़े से वार कर दिए। जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश होकर फर्श पर गिर गई। इसके बाद देवेंद्र ने पत्नी प्रतिमा की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी।
चाकू और हथौड़ा लेकर पहुंचा थाने
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी खुद चाकू और हथौड़ा लेकर कंकरखेड़ा थाने पहुंचा। कंकरखेड़ा थाने पहुंचे आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर चाकू कब्जे में ले लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर शिक्षिका के घर के बाहर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की बात सुनकर लोग सहम उठे। भाई विशाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी देवेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
शराब के 200 रुपए को लेकर हुआ विवाद
शिक्षिका के भाई विशाल ने बताया की आरोपी शराब पीने का आदी है। वह पत्नी के साथ मारपीट करता था। विरोध करने पर धमकी देता था। मंगलवार रात भी आरोपी ने पत्नी से शराब पीने के लिए 200 रुपये मांगे थे। इसी को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था।
थाने पहुंचकर बोला आरोपी -मैं पत्नी की हत्या करके आया हूं
हत्यारोपी खून से सना चाकू लेकर थाने पहुंचा और बोला साहब मुझे गिरफ्तार कर लो, मैं अपनी पत्नी का कत्ल करके आया हूं, उसकी लाश बेडरूम में पड़ी है। आरोपी को सामने खड़ा देख पहले तो पुलिसकर्मी भी हक्के-बक्के रह गए। इसके बाद पुलिस ने आरोप को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात का सच बताया। उसने बताया कि उसने कैसे एक थप्पड़ के बदले अपनी सरकारी शिक्षिका पत्नी की बेरहमी से हत्या कर डाली।
लॉकडाउन में गई पति देवेंद्र की नौकरी
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की शिवलोक पुरी निवासी नाथू सिंह वर्मा कचहरी में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। उनका बेटा देवेंद्र ( 40) ने 2009 में कंकरखेड़ा की रहने वाली प्रतिमा से लव मैरिज की थी। देवेंद्र भी सेल्स का काम देखता था। दो साल पहले कोरोना केस बढ़ने पर देवेंद्र की नौकरी चली गई।
देवेंद्र की पत्नी प्रतिमा मेरठ के सरधना ब्लॉक के नानू प्राथमिक विद्यालय में सरकारी शिक्षिका थी। देवेंद्र को शराब की इतनी लत लग चुकी थी कि पत्नी प्रतिमा भी परेशान रहने लगी।
82 हजार सैलरी के ताने ने जिंदगी नरक बनाई
पत्नी के कातिल देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि मेरी पत्नी की 82 हजार रुपए सैलरी थी। एक बेटा है। वह भी अभी 10 साल का है। पत्नी नौकरी का दबाव बनाती थी, लेकिन नौकरी कहीं मिली नहीं। पत्नी जब सैलरी के ताने मारती तो मेरी जिंदगी नरक बन चुकी थी। कई बार शराब पीकर सो जाता, तो पत्नी गाली गलौज के साथ थप्पड़ भी मारती। ऐसी लव मैरिज किस काम की जब पत्नी अपनी सैलरी पर ताने मारे|
पत्नी के थप्पड़ ने देवेंद्र को कातिल बनाया
देवेंद्र ने बताया कि पत्नी कई दिन से गुस्से में बोल नहीं रही थी। उससे एक दिन पहले 200 रुपए मांगे थे, लेकिन वह गाली देने लगी। गुरुवार सुबह सात बजे का समय था। पत्नी रसोई में कुछ काम कर रही थी। उस समय बेटा भी सो कर उठ चुका था। अचानक पत्नी से चाय के लिए कहा तो उसने गुस्से में बेटे के सामने ही मुझे थप्पड़ मार दिया। देवेंद्र ने बताया कि अकेले में मुझे बहुत कुछ कहती थी, मैं सब कुछ सहन करता आ रहा था, लेकिन बेटे के सामने थप्पड़ के बाद मैं टूट गया।
अचानक पत्नी को एक के बाद एक, कई थप्पड़ मारे। अचानक प्रतिमा जमीन पर गिर गई। उसके बाद पत्नी प्रतिमा का चाकू से गला रेत दिया। यह देखकर बेटा भी डर गया, मैंने कहा कि तुझे कुछ नहीं कहूंगा। पत्नी चिल्लाती रही तो बेड के पास हथौड़ा रखा था, उठाया और सिर में कई बार मारे। जब तक पत्नी की सांस नहीं थम गई, हथौड़े से वार करता रहा। पत्नी की सिर पर 15 से ज्यादा वार किए।
मृतक के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है: सीओ
दौराला के सीओ आशीष शर्मा ने बताया,''पति ने शिक्षिका पत्नी की हथौड़े से वार व चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पति को हिरासत में ले लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर पति और उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्या में शामिल चाकू और हथौड़ा बरामद कर लिया है।