बस्ती जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र के गायघाट नगर पंचायत से एक नाबालिग किशोरी के अपने प्रेमी के साथ घर से फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए लड़की को बरामद कर जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। पीड़िता की मां शकीना, पत्नी निसार अहमद, ने थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी सानिया 9 जुलाई 2025 की सुबह करीब 9 बजे परिवार के साथ खेत में धान की रोपाई के लिए गई थी। लेकिन कुछ ही देर में सानिया अकेले घर लौट आई। इस बीच, गांव के ही शाह आजम उर्फ गुड्डू का बेटा शाहिद उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया।
शकीना के अनुसार, करीब एक महीने पहले भी उन्होंने दोनों को साथ देखा था और तब बेटी को समझाया गया था। दोपहर करीब 11 बजे जब परिवार खेत से वापस घर पहुंचा, तो सानिया नदारद मिली। परिजन घबरा गए और तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी। शक के आधार पर जब वे शाहिद के घर पहुंचे, तो उसके माता-पिता ने भी स्वीकार किया कि दोनों साथ में चले गए हैं, लेकिन उन्हें गंतव्य की जानकारी नहीं है।
परिजनों की तहरीर पर कलवारी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है। फिलहाल सानिया का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोरी के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना जारी है।
Powered by Froala Editor