मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना में युवकों ने मोमोज देरी से मिलने पर दुकानदार से मारपीट की। बीच बचाव में आये कांस्टेबल को भी पीटा और फिर कांस्टेबल को गाड़ी में डाल कर ले गए| युवकों ने कांस्टेबल का मोबाइल भी छीन लिया है। कॉन्स्टेबल जैसे-तैसे उन लोगों से बचकर भागा। इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की 3 टीमें लगाई गई हैं|
घटना बुधवार शाम 7 बजे की है। आरोपियों में महाराजपुर निवासी कल्ला किरार, रवि किरार, शिशुपाल किरार, मोनू किरार, सचिन किरार और निखिल उर्फ गप्पू किरार शामिल हैं।
कॉन्स्टेबल रामकुमार सिकरवार सिविल लाइन थाने में पदस्थ हैं। रामकुमार सिकरवार सिविल ड्रेस में समन की तामील कराकर वापस लौटते समय रास्ते में न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बिस्मिल चौराहे पर ठेले पर मोमोज खाने लगे।
इसी समय स्कॉर्पियो से कुछ लोग आए और ठेले वाले को बुलाने लगे। दुकानदार को आने में देर हो गई, तो उन्होंने उसे पीटना शुरू कर दिया। इस पर वहां मौजूद कॉन्स्टेबल ने आरोपियों को मारपीट करने से रोका। तो वे भड़क गए। उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। उन्होंने कॉन्स्टेबल को स्कॉर्पियो में जबरन डाल लिया और उसे पीटते हुए वहां से सुनसान जगह पर ले गए। मारपीट के दौरान उसके कपड़े तक फाड़ दिए।
कॉन्स्टेबल ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि पहले आरोपी कल्ला और रवि किरार ने पीटा और मोनू किरार ने मोबाइल छीन लिया। शिशुपाल किरार ने कार के बीच पटक लिया और उनके ऊपर बैठ गया। सचिन और निखिल किरार खनेता नहर के किनारे मिले। उन्होंने भी मेरे साथ मारपीट की। वे उनको खनेता गांव से आगे एक सुनसान जगह पर ले गए थे। वहां उनको पटककर मारा।
मुरैना के CSP अतुल सिंह ने कहा,'तीन लड़को ने मोमोज की दुकान पर देरी होने के कारण दुकानदार से मारपीट की। वहां खड़े कांस्टेबल ने लड़कों को समझाने का प्रयास किया तो वे कांस्टेबल से बदतमीजी करने लगे। मारपीट के बाद वे कांस्टेबल को गाड़ी में डाल कर ले गए, बाद में किसी प्रकार कांस्टेबल वहां से बच कर आया| लड़कों ने कांस्टेबल का मोबाइल भी छीन लिया है। 6 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया है। इनको पकड़ने के लिए 3 टीमें लगाई गई हैं |