मुंबई: मुंबई की बोरीवली कोर्ट ने अभिनेता कमाल राशिद खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। 2020 में उनके विवादित ट्वीट को लेकर आज मुंबई में मलाड पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसके बाद आज यानि मंगलवार को उन्हें बोरीवली कोर्ट में पेश किया गया. जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया|
कमाल राशिद खान की गिरफ़्तारी पर मुंबई के DCP विशाल ठाकुर ने बताया,''यह भारत के बाहर थे इसलिए हमने लुक आउट सर्कुलर (LoC) जारी किया था। वे कल भारत आए जिसके बाद हमने इनको गिरफ़्तार किया। हमने IPC की धारा और IT एक्ट 67 के तहत दर्ज़ किया है। ये विवादित ट्विट थे जिसके तहत मामला दर्ज़ किया है|
बता दें कि, KRK के खिलाफ मलाड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद ये कार्रवाई हुई है। केआरके ने बोरीवली कोर्ट में जमानत की अर्जी भी दायर की है। इस मामले में शाम 4 बजे कोर्ट में सुनवाई होनी है।
दरअसल केआरके ने साल 2020 में बॉलीवुड के दो दिवंगत अभिनेता इरफान खान और ऋषि कपूर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। दोनों के निधन के बाद केआरके ने लिखा था, 'मैं सीरियस होकर ये बात करना चाहता हूं कि मैंने कुछ दिन पहले ही कहा था कोरोना तब तक नहीं जाएगा जब तक कुछ फेमस लोगों को अपने साथ नहीं ले जाता'।
केआरके के इस ट्वीट के बाद 2020 में युवा सेना की कोर कमेटी के मेंबर राहुल कनल ने उनके खिलाफ मलाड पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई थी। राहुल कनल का आरोप था कि कमाल ने दिवंगत एक्टर इरफान खान और ऋषि कपूर को लेकर आपत्तिजनक ट्वीट किए थे। इस मामले में पुलिस ने कमाल के खिलाफ सेक्शन 294 के तहत मामला दर्ज किया था।