मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे 5 जून को होने वाली अपनी अयोध्या यात्रा पर नहीं जाएंगे, क्योंकि उन्होंने अपनी अयोध्या यात्रा को स्थगित कर दिया है। राज ठाकरे की अयोध्या यात्रा स्थगित होने के बाद अब शिवसेना नेता संजय राउत का बयान सामने आया है।
राज ठाकरे की अयोध्या 'यात्रा' स्थगित होने पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा,'' मुझे नहीं पता उनके (राज ठाकरे) अयोध्या जाने का कार्यक्रम नहीं हो रहा है। श्री राम के दर्शन के लिए कोई भी जा सकता है लेकिन मैंने देखा कुछ दिनों से वहां का माहौल बिगड़ गया था। BJP सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कुछ सवाल इनके सामने रख दिए थे....मुझे लगता है इस कारण से राज ठाकरे जी का ये कार्यक्रम नहीं हो पा रहा है|
उन्होंने आगे कहा,'' लेकिन आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में सैंकड़ों शिव सैनिक 15 जून को आयोध्या जाएंगे। ये हमारा धार्मिक कार्यक्रम है ये कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है| मुख्यमंत्री पहले भी अयोध्या गए हैं। महाराष्ट्र में राम राज्य लाने की कोशिश चल रही है तो प्रभु श्री राम का आशीर्वाद हमें मिलता है तो इससे ज़रूर महाराष्ट्र का विकास रथ राम राज्य की ओर बढ़ेगा|
बता दें कि, भारतीय जनता पार्टी के कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे के अयोध्या दौरे को लेकर धमकी दी थी| बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या की सीमा में राज ठाकरे को ना घुसने की दी थी धमकी |
बृजभूषण ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे को अपने सोशल साइट के माध्यम से भी धमकी देते हुए लिखा था कि जब तक उत्तर भारतीयों से माफी नहीं मांगेंगे, तब तक अयोध्या की सीमा में घुसने नहीं दूंगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी सोशल साइट के माध्यम से आग्रह किया था कि जब तक वह माफी नहीं मांगते हैं तब तक मुख्यमंत्री को उनसे नहीं मिलना चाहिए।