मैसूर: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें मैसूर में श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पार्टी नेताओं के साथ मैसूर के बदनवालु में महात्मा गांधी की 153 वीं जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम में शामिल हुये| यहां राहुल गांधी ने कर्नाटक के खादी ग्रामोद्योग में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
अपने ट्वीट में, राहुल गांधी ने कहा
, ‘‘बापू ने हमें सत्य और अहिंसा के पथ पर चलना सिखाया। प्रेम, करुणा, सद्भाव और मानवता का अर्थ समझाया|''उन्होंने कहा, ‘‘आज गांधी जयंती पर, हम प्रण लेते हैं कि जिस तरह उन्होंने देश को अन्याय के खिलाफ एकजुट किया था, वैसे ही अब हम भी अपना भारत जोड़ेंगे|''
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देने वाले, पूर्व प्रधानमंत्री, श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर नमन। जवान और किसान भारत की रीढ़ हैं। आज देश की तानाशाह सरकार उनपर लगातार हमला कर रही है। हमारे पूर्वजों की तरह, हम भी उनके हक़ के लिए लड़ रहे हैं। उनके साथ अन्याय नहीं होने देंगे।
राहुल गांधी ने लिखा, ‘‘
“खुद वो बदलाव बनिए जो आप दुनिया में देखना चाहते हैं” - महात्मा गांधी
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भारत को सत्य और अहिंसा की राह दिखायी। उनके आदर्शों पर चलना कठिन ज़रूर है, लेकिन नामुमकिन नहीं, सिर्फ़ मज़बूत इरादों की ज़रुरत है। मैंने बापू के विचारों को खूब पढ़ा, समझा और उन्हें अपनाया। आज मैं उन्हीं के पथ पर चलने का प्रयास कर रहा हूं।
बापू ने हमें मानवता और समानता का अर्थ समझाया, दूसरों की सेवा करना सिखाया और महिलाओं का सम्मान करना सिखाया। विनम्रता और सादगी से भी हम अपनी बात दूसरों के सामने रख सकते हैं, ये सिखाया।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘‘ आज हम भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं, तीन हफ़्तों से ज़्यादा का समय बीत चुका है और अभी भी हज़ारों मील पैदल चलना बाक़ी है। मुझसे कई लोगों ने पूछा कि “आप लोग ये भारत जोड़ो यात्रा क्यों कर रहे हैं”। बहुत सालों पहले बापू ने देश को एकजुट करने के लिए डांडी मार्च किया और पूरा देश उनके साथ पैदल निकल पड़ा, तब हम अंग्रेज़ों से अपनी आज़ादी के लिए लड़े थे, आज हम भारत को एकजुट करने के लिए लड़ रहे हैं। ये लड़ाई कांग्रेस पार्टी की ही नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक की लड़ाई है।
श्री गांधी ने कहा, ‘‘आज बेरोज़गारी, महंगाई, नफ़रत, भुखमरी, हिंसा, शोषण, दमन और असमानता ने देश की नींव पर हमला बोल दिया है। युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रहीं, महंगाई से आम जनता की कमर टूट चुकी है और नफ़रत ने एक हिंदुस्तानी को दूसरे हिंदुस्तानी की जान का दुश्मन बना दिया है। देश आज डर की गिरफ़्त में है। हमारा प्यारा भारत कभी भी ऐसा नहीं था।
आज हम सब इन्ही विभाजनकारी नीतियों के ख़िलाफ़ एक साथ, कदम से कदम मिला कर कन्याकुमारी से कश्मीर तक चल रहे हैं, देश के अलग-अलग कोनों से उठ रही आवाज़ें एक हो रही हैं, लोग हमारी यात्रा से जुड़ते जा रहे हैं और कारवां बड़ा होता जा रहा है। कोई भी शक्ति हमारी भारत जोड़ो यात्रा को रोक नहीं सकती, क्यूंकि ये हिंदुस्तान की आवाज़ है।
श्री गांधी ने कहा, ‘‘हम सब मिलकर बापू के आदर्शों पर चलते हुए प्रेम, सत्य और अहिंसा को अपनाते हुए, शांतिपूर्ण तरीके से इस यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। हम लोगों की आवाज़ सुन रहे हैं, उनकी परेशानियां सुन रहे हैं। इस पूरी यात्रा में हम जनता की बात सुनेंगे और उनकी आवाज़ उठाएंगे।
हम चलेंगे, हम जुड़ेंगे, हम जीतेंगे।