नोएडा: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने नोएडा सेक्टर-8 में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया। नोएडा से कांग्रेस उम्मीदवार पंखुड़ी पाठक भी मौजूद रही| उन्होंने कहा, "मेरा एजेंडा है कि विकास होना चाहिए और नेताओं को जवाबदेह होना चाहिए। यहां की सड़क खराब है, सड़कों पर पानी पड़ा हुआ है, बिजली नहीं है और अन्य सुविधाएं नहीं है।"तो इसके लिए कोई नेता जिम्मेदार है और उसको जनता के प्रति जबावदेह होना पड़ेगा। हमारी उम्मीदवार यहां दिन-रात काम करती हैं लेकिन पंकज सिंह जी कहां है?
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा,''हम युवाओं से कहना चाहते हैं- आपको रोजगार की जरूरत है, आप अपने पैरों पर खड़े होना चाहते हैं, उसके लिए आप अपने मतलब के मुद्दों पर चर्चा कराएं|
इससे पहले प्रियंका गांधी ने सेक्टर 26 में ही मीडिया से बात की। श्रीमती गांधी ने कहा कि,''पंखुड़ी नोएडा में रहती है। यहां के लोगों की समस्याओं को समझती है। जब भी परेशानी होती है तो लोगों के साथ खड़ी रहती है, सिर्फ चुनाव में ही नहीं इससे पहले भी यह लोगों के फोन उठाती है उनके लिए उपलब्ध रहती है। आप देखिएगा ये जीतेगी क्योंकि यहां के लोग त्रस्त हो चुके हैं। वह कहते हैं कि विधायक तो कभी दिखते ही नहीं अब बसों पर उनकी फोटो दिख रही है। इसने कोरोना के समय में सबसे ज्यादा काम किया है इसलिए इसे टिकट दिया है।
बेरोजगारी पर जब प्रियंका गांधी से सवाल किया गया तो उन्होंने युवाओं को रोजगार देने का दावा किया और कहा कि वह भाजपा की तरह केवल आश्वासन नहीं दे रही हैं, बल्कि उसके लिए ब्लूप्रिंट तैयार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में जातिवाद और धार्मिक उन्माद फैला रही है और चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है लेकिन जातिवाद और धर्म से केवल और केवल राजनेताओं को लाभ होता है, आम जनता को इससे कभी लाभ नहीं हुआ है, इसलिए उन्होंने अपील की कि लोग स्वयं जागरूक हों और यह देखें कि उन्हें किस तरह का नेता चाहिए और किस तरह की सरकार चाहिए उन्हें खुद सोचना-समझना होगा।
जब एक पत्रकार ने पूछा कि आपके कैंपेन लड़की हूं, लड़ सकती हूं के बावजूद प्रदेश में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। इस पर प्रियंका ने कहा कि इसीलिए तो मैं कह रही हूं कि लड़कियों को साथ आने की जरूरत है। प्रियंका गांधी ने कहा कि, आधी आबादी को आज भी नेतृत्व करने के लिए कोई सरकार आगे नहीं आ रही है इसलिए उनकी ओर से 40 फीसदी सीटों पर महिलाएं उतारी गईं हैं।