पुलवामा: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा ज़िले के काकापोरा इलाके में सोमवार को आतंकवादियों ने हमला किया| इस इस हमले में रेलवे पुलिस के एक हेड कांस्टेबल शहीद हो गए, जबकि एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) घायल हो गए। सोमवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया,''पुलवामा ज़िले में आतंकी हमले में रेलवे पुलिस के दो पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं| जिसमे से एक पुलिस अधिकारी वीरगति को प्राप्त हुए|
जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, काकापोरा इलाके में जहां ये आतंकवादी हमला हुआ है, उस इलाको को सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन चलाते हुए आतंकियों की तलाश की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया,''दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में काकापोरा रेलवे स्टेशन के बाहर आतंकी हमले में घायल हुए रेलवे सुरक्षा बल के एक जवान एचसी सुरिंदर कुमार वीरगति को प्राप्त हो गए और दूसरे ASI देवराज कुमार घायल हो गए। मामला दर्ज़ कर जांच शुरू की गई और पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है|
पुलिस ने बताया कि पुलवामा जिले के काकापुरा इलाके में चाय की एक दुकान के पास रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हेड कांस्टेबल सुरिंदर सिंह और एएसआई देवराज को निशाना बनाकर पहले से घात लगाए आतंकियों ने काफी करीब से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इसमें दोनों बुरी तरह घायल हो गए। खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरे घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सुरिंदर ने दम तोड़ दिया। देवराज की हालत गंभीर बनी हुई है। हमला होते ही वहां मौजूद लोग भाग खड़े हुए। हमले के तुरंत बाद आसपास के इलाकों को घेरे में लेते हुए हमलावरों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।
गौरतलब है कि पिछले तीन सप्ताह से आतंकवादियों ने घाटी में सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर हमले तेज कर दिए हैं। इस माह यह ऐसा नौवां हमला है| आतंकियों की ओर से दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा बलों, आम नागरिकों व गैर कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाने की घटना में तेजी आई है। तीन अप्रैल को पुलवामा के लिट्टर इलाके में पोल्ट्री वाहन के पठानकोट निवासी चालक-खलासी, पुलवामा के लोजूरा में चार अप्रैल को बिहार निवासी दो मजदूर मारे गए थे।