रायबरेली: रायबरेली के महाराजगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात मंदिर परिसर के पास खेत में बनी झोपड़ी में सो रहे एक पुजारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आज सुबह जब लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो शव पड़ा देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है, पुजारी के शरीर पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने बताया,''आज 20 मार्च 2022 को सुबह थाना महराजगंज पर सूचना प्राप्त हुयी कि थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मदनखेड़ा निवासी शत्रुघ्न पाल (उम्र करीब 62 वर्ष) पुत्र अहरवा पाल जो कि प्रतिदिन की भाँति गांव के बाहर खेत में बनी झोपड़ी से खेत की रखवाली कर रहे थे, उनका शव झोपड़ी में ही चारपाई पर मिला है। इस सूचना पर तत्काल अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली, उप-जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी महराजगंज द्वारा प्रभारी निरीक्षक महराजगंज, पुलिस बल तथा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। प्रकरण में पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार जाँच एवं आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस ने बताया,''मृतक शत्रुघ्न पाल प्रतिदिन की भाँति खेत में बनी झोपड़ी से अपने खेतों की रखवाली कर रहा था तथा वहीं सो रहा था । विभिन्न सोशल साइट्स द्वारा घटना को मन्दिर परिसर से सम्बंधित बताया जा रहा है। जो कि असत्य है।
जानकारी के मुताबिक, महाराजगंज थाना क्षेत्र के मदन खेड़ा गांव में भगवान शंकर का एक मंदिर है। मंदिर गांव के बाहर करीब 100 मीटर की दूरी पर है। गांव निवासी शत्रुघ्न पाल (62) अपने घर पर न रहकर मंदिर के बगल छप्पर डालकर उसी में रहते थे। शनिवार वार रात वह घर से खाना खाकर छप्पर में सोने चले आए।
देर रात अज्ञात बदमाशों ने कुल्हाड़ी से उनके सीने पर हमला कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। आज सुबह गांव के लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे। प्रतिदिन शत्रुघ्न मंदिर में ही पूजा करने मिल जाते थे, लेकिन आज जब वह नहीं दिखाई दिए तो ग्रामीणों को अनहोनी का शव हुआ। उनकी खाट पर लगी मच्छरदानी भी नहीं निकली थी। ग्रामीणों ने जब छप्पर के पास जाकर देखा तो शत्रुघ्न का लहूलुहान शव पड़ा था।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर महाराजगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जांच-पड़ताल में पुजारी के सीने पर कुल्हाड़ी के निशान मिले। जिससे पुलिस को शक हुआ कि शायद कुल्हाड़ी से हमला किया गया होगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया शत्रुघ्न बहुत सीधे और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। गांव में उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। वह भक्ति भाव और पूजा-पाठ में मन लगाकर भगवान के प्रति लगाव रखते थे। परिजनों ने बताया, शाम को खाना खाने घर आए थे। फिर मंदिर के लिए चले गए। आज सुबह पता चला कि उनकी हत्या कर दी गई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।