रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर के थाना टांडा क्षेत्रान्तर्गत जीजा ने अपने साले की गला दबाकर हत्या कर दी। रामपुर के थाना टांडा क्षेत्रान्तर्गत शनिवार रात जीजा अपने साले को छत पर ले गया था। इसके बाद वह खुद तो नीचे आ गया लेकिन, साला नहीं आया। परिजन जब छत पर गए तो वहां पर साला गंभीर हालत में पड़ा हुआ था।
परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने जीजा पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हत्या की वजह आरोपी के ससुराल पक्ष की संपत्ति का लालच बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक,'वादी रामगोपाल पुत्र रामसुख सैनी निवासी ग्राम अपलगढ द्वारा थाना टांडा पर तहरीर देकर अवगत कराया कि मेरा पुत्र मृतक अर्जुन (उम्र करीब 20 वर्ष) की मेरे दामाद नन्दकिशोर द्वारा मेरे पुत्र अर्जुन की सम्पत्ति हडपने को लेकर हत्या कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया, उक्त तहरीर के आधार पर थाना टांडा पर मु0अ0सं0 197/21 धारा 302 भादवि पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है । आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
रामगोपाल ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी की करीब 20 साल पहले डिलीवरी के समय मौत हो गई थी। तब गीता पैदा हुई थी, जो वर्तमान में नंद किशोर की पत्नी है। बाद में रामगोपाल ने दूसरा विवाह कर लिया। दूसरी पत्नी कृष्णा से अर्जुन पैदा हुआ था, जो उनकी संपत्ति का इकलौता वारिस था। रामगोपाल की 12 बीघा जमीन है, जिसकी कीमत करीब साठ लाख रुपये है। इसके अलावा मकान व अन्य संपत्ति मिलाकर करीब सवा करोड़ की संपत्ति रामगोपाल की है। नंद किशोर की नजर इस संपत्ति पर थी। वह कई बार ससुर से जमीन अपने नाम करने के लिए भी कह चुका था।