श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद श्रावस्ती से प्रदेशव्यापी 'स्कूल चलो अभियान' का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा,''अगले एक महीने में चलने वाले इस अभियान में घर-घर जाकर दस्तक दीजिए और पूछिए कोई बच्चा ऐसा तो नहीं है जो स्कूल जाने से वंचित रह गया हो। उस बच्चे को स्कूल ले जाना, स्कूल में उसका रजिस्ट्रेशन कराना, उसे यूनिफॉर्म, किताबें, बैग आदि सुविधाएं उपलब्ध कराएं|
किसी को ज्ञानवान बना देना ही जीवन का सबसे पवित्र कार्य है। इसका आधार है 'शिक्षा'। 'स्कूल चलो अभियान' के इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने से पवित्र कार्य और कोई हो ही नहीं सकता है| 'शिक्षा' एकमात्र साधन है जो प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन का कारक बन सकती है। शिक्षा ही वास्तव में प्रत्येक नागरिक को एक सही दिशा दे सकती है व उनके सर्वांगीण विकास की आधारशिला रख सकती है|
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, हमने हर बच्चे को बैग, किताबें, दो यूनिफॉर्म, जूते-मोजे व स्वेटर उपलब्ध कराया। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, पुरातन छात्रों व समाज-सेवकों द्वारा विद्यालयों को गोद लेकर स्कूलों का कायाकल्प कराया| उन्होंने कहा,''मैं जनप्रतिनिधियों, समाज-सेवकों व पुरातन छात्रों से अपील करता हूं कि जो विद्यालय पिछली बार छूट गए थे उन्हें गोद लें और ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाओं से आच्छादित करने में योगदान दें|