बर्मिंघम: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022: बर्मिंघम में भारतीय मुक्केबाज संजीत ने कहा,'कॉमनवेल्थ की काफी अच्छी तैयारी चल रही है। यहां हम तैयारी कर रहे हैं, यहां के मौसम के मुताबिक हमने अपने शरीर को ढाल लिया है। मैं बहुत उत्साहित हूं|
भारतीय मुक्केबाज आशीष कुमार कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए बर्मिंघम पहुंचे। उन्होंने बताया, "काफी अच्छी तैयारी है। अभी हम आयरलैंड से आए हैं, वहां अभ्यास के लिए कैंप लगाया गया था, जिसमें बहुत देशों के खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करने का मौका मिला।"
राष्ट्रमंडल खेलों का आगाज 28 जुलाई से इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर होने जा रहा है, वहीं इसका समापन 8 अगस्त को होगा। 1930 से शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत 18वीं बार भाग लेने जा रहा है। इस साल 108 पुरुष और 107 महिला खिलाड़ियों के साथ भारत कुल 15 खेलों में हिस्सा लेगा जिसमें क्रिकेट भी शामिल है।
इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में महिला क्रिकेट को भी जगह दी गई है। वहीं शूटिंग और तीरंदाजी इस बार खेलों का हिस्सा नहीं है। भारत ने पिछले 17 संस्करण में कुल 503 मेडल जीते हैं जिसमें 135 पदक शूटिंग में आए हैं।