जम्मू: जम्मू-कश्मीर के जम्मू में स्थानीय लोगों और CRPF जवान राकेश्वर सिंह मन्हास के परिवार ने जम्मू-अखनूर हाईवे जाम किया और नक्सलियों के कब्जे से उन्हें छुड़ाने की मांग की।
छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले के बाद बंधक बनाए गए जम्मू के CRPF जवान राकेश्वर सिंह मन्हास का परिवार सरकार से जल्द से जल्द उन्हें नक्सलियों से छुड़ाने की अपील कर रहा है।
राकेश्वर सिंह मन्हास की मां ने बताया, "सरकार कुछ कर रही है इसका हमें तब ही भरोसा होगा जब हमारा बेटा वापस आएगा।"
वही, छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुए हमले के बाद लापता जवान को नक्सलियों के कब्जे में बताया जा रहा है। बीजापुर के एक पत्रकार ने दावा किया है कि उसके पास नक्सलियों ने दो बार फोन किया। नक्सलियों का कहना है कि जवान घायल है। उसे दो दिन में रिहा कर दिया जाएगा।
बता दें कि बीजापुर में मुठभेड़ के बाद लापता कोबरा कमांडो की तलाश जारी है। पुलिस इस मामले में स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। वहीं, सभी चैनल के माध्यम से जवान का पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है। इस बीच नक्सलियों ने पत्र जारी करके सरकार से बातचीत के लिए रजामंदी जाहिर की है।
बीजापुर के एक पत्रकार ने बताया कि उसके पास दो बार नक्सलियों का फोन आया। उन्होंने कहा कि एक जवान को उन्होंने पकड़ रखा है। उस जवान को गोली लगी है। वह घायल है। उसका इलाज किया जा रहा है और दो दिन में उसे रिहा कर दिया जाएगा। नक्सलियों ने जवान के फोटो और वीडियो भी जल्द जारी करने की बात कही।