यूपी बोर्ड की हाईस्कूल (High School) और इण्टरमीडिएट (Intermediate) की परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू हो रही है।
यूपी बोर्ड की परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने और नकलहीन परीक्षा कराने को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इसको लेकर राजधानी लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के शिविर कार्यालय में राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम बनाया गया हैं।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने रविवार को ऑनलाइन मॉनीटरिंग के लिए बने राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम का उद्घाटन किया।
10वीं और 12वीं की परीक्षा में इस साल कुल 55 लाख 25 हजार 308 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की छह लाख उत्तर पुस्तिकाएं अलीगढ़ पहुंच गई हैं। इन्हें नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखवाई गईं।
अभी तीन लाख उत्तर पुस्तिकाएं और आनी हैं।अलीगढ़ जिले में 138 केंद्रों पर 24 फरवरी से 12 मार्च तक यूपी बोर्ड की परीक्षाएं होंगीं।
हाईस्कूल में 50, 943 और इंटरमीडिएट में 53,329 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 तक और दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 5.15 बजे तक होगी।
परीक्षा के लिए अब तक हाईस्कूल की दो लाख 59 हजार 66 उत्तर पुस्तिकाएं आ चुकी हैं। बी की एक लाख 36 हजार 626 उत्तर पुस्तिकाएं आई हैं।
इसी तरह इंटर की एक लाख 45 हजार 778 की उत्तर पुस्तिकाएं आ चुकी हैं। बी की एक लाख 1 हजार 187 उत्तर पुस्तिकाएं आई हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 8265 केन्द्र व्यवस्थापक, 8265 वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक, 8265 स्टैटिक मैजिस्ट्रेट, 1273 सेक्टर मैजिस्ट्रेट, 424 जोनल मैजिस्ट्रेट नियुक्त किये गये हैं और 405 सचल दलों का भी गठन किया गया है।
इसके अलावा शासन स्तर से हर जनपद के लिए 75 राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की गयी है। हर जिले में ऑनलाइन मॉनीटरिंग के लिए जनपद स्तरीय कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गयी है।
वहीं प्रश्नपत्रों के लीक करने की कोशिश को नाकाम करने के लिए संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों की निगरानी के लिए एसटीएफ (STF) और स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) लगातार सक्रिय रहेगी।
यूपी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के 16 जिलों को अति संवेदनशील घोषित किया है। जिनमें गोंडा, जौनपुर, देवरिया, गाजीपुर, प्रयागराज, चंदौली, कौशाम्बी, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, एटा, मैनपुरी, अलीगढ, बागपत और मथुरा शामिल है।