लखनऊ: अब डीएम और एसएसपी को जिले स्तर पर ही निपटानी होगी व्यापारियों की समस्याएं| सीएम योगी ने दिए निर्देश। महीने में एक दिन होगी प्रदेश के सभी जिलों में सुनवाई। जिसके तहत जिले स्तर पर ही बड़े व छोटे सभी व्यापारियों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आला अधिकारियों से कहा, जल्द से जल्द इस पर अमल किया जाए। प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान माह में एक दिन व्यापार मंडल उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम के लिए माह में एक दिन को सुनिश्चित करते हुए व्यापारियों की जरूरतों का मेरिट के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा, प्रदेश के व्यापारियों के जमीनी विवाद, नए उपक्रम को चालू करने के लिए जमीन की जरूरत, कानून व्यवस्था, अराजक तत्वों के मामले, बिजली, पानी, साफ सफाई के साथ उनकी सभी शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। जिससे प्रदेश के सभी व्यापारियों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए इस आदेश से व्यापारियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।