वाराणसी: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए | बाबा विश्वनाथ जी का दर्शन करने के बाद जनसभा के लिए रवाना हुए। वाराणसी के पिंडरा में रैली में राहुल गांधी ने कहा, 'अब PM रोजगार, नौकरी, 15 लाख की बात क्यों नहीं करते हैं। मैं कभी नहीं कहूंगा कि आपके खाते में 15 लाख रुपए आएंगे। क्योंकि मैं आपसे झूठ नहीं बोल सकता। सुना है कि मोदी जी ने मगरमच्छ से लड़ाई लड़ी थी। मगर हमने उन्हें देखा कि जब वह गंगा में घुसे तो उनसे तैरा भी नहीं गया '..
पिंडरा में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि,हमारे धर्म में कहीं नहीं लिखा कि देश की जनता के सामने जाओ और लाखों करोड़ों लोगों के सामने झूठ बोलो। मैंने रामायण, महाभारत पढ़ा है, यह कहीं नहीं पड़ा कि काशी में शिव जी के धाम में आकर झूठ बोलो। किसी भी धर्म में ये नहीं सुना कि झूठ बोलो।य हां सिर्फ धर्म पर वोट नहीं लिया जा रहा है, यहां पर झूठ पर वोट लिया जा रहा है। मैं मर जाऊंगा, लेकिन इस स्टेज से आपसे कभी नहीं कहूंगा कि आपके अकाउंट में 15 लाख डाल दूंगा। मैं आपकी इतनी इज्जत करता हूं कि आपके मुंह पर कभी झूठ नहीं बोल सकता।
मोदी जी आते हैं झूठ बोलते हैं, और कहते हैं कि मैं हिंदू धर्म की रक्षा करता हूं। नहीं मोदी जी, आप धर्म की नहीं, झूठ की रक्षा करते हो। आप धर्म की या गरीबों, किसानों, मजदूरों की रक्षा नहीं करते। आप अपनी कुर्सी बचाने के लिए असत्य की रक्षा करते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि.''यूक्रेन में हमारे हजारों युवा फंसे हैं। वहां बम गिर रहे हैं। वे वीडियो बना कर कहते हैं कि हमें बचाइए। यहां नरेंद्र मोदी के लोग कहते हैं कि ये लोग यहां फेल हो गए थे, इसलिए वहां गए। क्या वे भारत के नागरिक नहीं हैं? क्या उनकी रक्षा का जिम्मा आपका नहीं है?...क्या आपकी जिम्मेदारी नहीं कि आप उन्हें वापस लाएं| राहुल गांधी ने कहा कि,''कोरोना में दुनिया का एक ही प्रधानमंत्री था जिसने अपनी जनता से कहा, थाली बजा दो वायरस भाग जाएगा। क्या ये सच बोला? मैंने संसद में कहा, तैयारी कीजिए वरना लाखों लोग मरेंगे। बीजेपी बोली, राहुल डरा रहा है। गंगा में लाशें तो आपने देखीं! बीजेपी के लोग नहीं आए।
2 मार्च से वाराणसी में हैं प्रियंका
प्रियंका गांधी 2 मार्च की शाम से ही वाराणसी में हैं। कबीरचौरा स्थित कबीर मठ में ठहरी हुई प्रियंका गांधी ने 3 मार्च को काशी के नामचीन कलाकारों के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की थी। इसके बाद वह वह सारनाथ स्थित भगवान बुद्ध की उपदेश स्थली का भ्रमण करने भी गई थीं। उस दौरान उन्होंने ठेला-पटरी व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में पूछा था।
पांच बार विधायक रहे हैं अजय राय
पिंडरा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय पांच बार विधायक रहे हैं। 2017 का विधानसभा चुनाव वह भाजपा के डॉ. अवधेश सिंह से हार गए थे। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अजय राय पर कांग्रेस नेतृत्व भरोसा जता चुका है। वह जीत नहीं दर्ज कर पाए थे। पिंडरा विधानसभा से अजय राय और डॉ. अवधेश सिंह इस बार फिर से आमने-सामने हैं।