इस्लामाबाद: पाकिस्तान के चुनाव आयोग (ECP) ने कहा है कि अक्टूबर 2022 से पहले आम चुनाव संभव नहीं हैं क्योंकि ECP को देश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सात महीने समय चाहिए| दरअसल, पाकिस्तान के राष्ट्रपति डॉक्टर आरिफ अल्वी ने पाकिस्तान चुनाव आयोग को चिट्ठी लिख कर पूछा था कि कब चुनाव कराए जा सकते हैं।
इसपर चुनाव आयोग ने कहा कि अक्टूबर महीने से पहले चुनाव नहीं कराए जा सकते हैं। आयोग ने कहा है कि अगले तीन महीने में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना संभव नहीं है, हम अक्टूबर में चुनाव कराने को तैयार हैं।
इससे पहले ही पाकिस्तान चुनाव आयोग ने कहा था कि कई कानूनी अड़चनों और प्रक्रियात्मक चुनौतियों को कारण अगले तीन महीने के भीतर आम चुनाव नहीं कराए जा सकते हैं। पाकिस्तान चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने डॉन अखबार से बातचीत में कहा था कि आम चुनाव की तैयारियों में करीब छह महीने लगेंगे।
अधिकारी ने बताया था कि परिसीमन में वक्त लगता है। यहां आपत्तियों को रजिस्टर करने के लिए एक महीने का वक्त दिया जाता है। और फिर उन आपत्तियों को सुलझाने के लिए एक महीने का वक्त लगता है। इसके साथ ही वोटर लिस्ट भी अपडेट करना होता है। ऐसे में इस पूरे काम को करने में कम से कम तीन से छह महीने का वक्त लगेगा।
गौरतलब है कि, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ विपक्ष की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को रविवार को नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर ने खारिज कर दिया था| प्रस्ताव के खारिज होने के बाद इमरान खान ने राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से नेशनल असेंबली भंग करने की सिफारिश की, जिसे मंजूर कर लिया गया| इमरान खान की मांग पर राष्ट्रपति ने नेशनल असेंबली को भंग कर दिया था।
03 अप्रैल, 2022 को पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री ने बताया था ,''90 दिनों के भीतर देश में चुनाव होंगे| केंद्रीय मंत्री फार्रूख हबीब ने कहा था कि नेशनल असेंबली भंग हो गई है और अब देश में 90 दिनों के भीतर फिर से चुनाव कराए जाएंगे|