अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के रसूलाबाद स्थित हनफी इंटर कालेज के बाहर मंगलवार सुबह हाईस्कूल के एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हाईस्कूल की परीक्षा देने आये छात्र सौरभ सिंह उर्फ दिव्यांश की सरेराह गोली मार कर हत्या कर दी गई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाक्षेत्र मुसाफिरखाना के धरौली गांव निवासी सौरभ मुसाफिरखाना के एएच इंटर कालेज में हाईस्कूल का छात्र था। उसके कालेज का सेंटर हनफी इंटर कालेज रसूलाबाद गया था।वह मंगलवार को हाईस्कूल का आखिरी पेपर था।
मंगलवार सुबह सौरभ परीक्षा देने अपने साथी विशाल के साथ बाइक से रसूलाबाद पहुंचा था। वह परीक्षा केंद्र के बाहर बाइक खड़ी कर केंद्र की ओर जा ही रहा था कि अचानक पहुंचे पांच हमलावरों ने उसे रोक लिया। हमलावर युवकों ने पहले उसे जमकर पीटा फिर गोली मार दी।
घटना के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए फरार हो गया। हमलावरों के भाग जाने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सौरभ को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सौरभ के मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन व गांव के लोग अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचे लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि पुलिस सूचना के एक घंटे बाद मौके पर पहुंची।
मृतक के चाचा विनोद सिंह ने बताया कि सौरभ इम्तिहान देने रसूलाबाद जा रहा था। उसका हाईस्कूल का लास्ट पेपर था। स्कूल पहुंचने से 100 मी पहले एक पुल पड़ता है। उसी पर चार-पांच लोगों ने उसको घेर लिया। उसके साथ पहले तो मारपीट की, फिर गोली मार दी।
उन्होंने कहा कि सौरभ के साथ उसका दोस्त विशाल भी था। मामला बढ़ता देखकर विशाल भाग निकला, लेकिन हमलावरों ने सौरभ की पहले लाठी-डंडों से पिटाई की। इसके बाद कट्टे से गोली मार दी। मृतक के चाचा ने कहा कि गोली क्यों मारी गई, इसका उनको पता नहीं।
मौके पर पहुंचे एसपी दिनेश सिंह ने कहा कि तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि मौके पर लोगों से बातचीत में पता चला है कि बच्चों के बीच कोचिंग में आपसी विवाद हो गया था। इस वजह से हमला किया गया। हालांकि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।