इटावा: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में तेरहवीं के कार्यक्रम में डबल मर्डर हो गया| औरैया जिले के थाना कोतवाली के अंतर्गत ग्राम भीखापुर के मजरे बरीपुर माफी में सोमवार रात तेरहवीं कार्यक्रम में 50 वर्षीय शिक्षामित्र राजावत की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने रामवीर को उस वक्त गोली मार दी जब वह खाना खा रहा था। घटना के बाद मौके से भाग रहे एक हत्यारोपी को भीड़ ने पकड़ लिया। उसे पीट-पीटकर मार डाला| घटना की सूचना पर औरैया पुलिस अधीक्षक, आईजी प्रशांत कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को भीखापुर के मजरे बरीपुर माफी में विश्राम सिंह के पिता भोला सिंह सेंगर की तेहरवीं थी। इसमें रामवीर राजावत और बबलू सेंगर दोनों आमंत्रित थे। सोमवार रात करीब 9 बजे भोज के दौरान ही रामवीर और बबलू सेंगर में किसी बात को लेकर बहस हो गई। जिसके बाद बबलू सेंगर और उसके साथियों ने रामवीर के सिर में सटाकर राइफल से गोली मार दी। जिससे रामवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है हमलावरों ने 10 राउंड फायरिंग की। गोली मारकर भागते समय बबलू सेंगर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसे पीटा जिससे उसकी भी मौत हो गई। ग्रामीणों ने इस कदर उसको पीटा कि चेहरा बुरी तरह बिगड़ा गया। उसकी शिनाख्त कराने में घंटों लग गए। बाद में ग्रामीणों ने उसकी शिनाख्त बबलू सेंगर के तौर पर की।
औरैया की SP चारू निगम ने बताया कि,''एक कार्यक्रम में बबलू सेंगर और रामवीर राजावत के परिवार आमंत्रित थे। दोनों परिवारों में पहले से आपसी विवाद था। रामवीर राजावत के परिवार का कहना है कि बबलू सेंगर अपने कुछ साथियों के साथ आए और रामवीर राजावत को गोली मार दी जिससे उनकी मृत्यु हो गई| गोली मार कर भागने के क्रम में बबलू सेंगर के एक साथी को गांव वालों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई की जिस दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। टीमें गिरफ़्तारी के लिए लगा दी गई हैं। तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी|