आजमगढ़: UP Assembly Elections 2022 : आजमगढ़ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,''समाजवादी के शासनकाल में खनन घोटाला, एंबुलेंस घोटाला और रिवर फ्रंट घोटाला भी हुआ था। कोई मां का लाल ये बता दे कि हमारे शासन काल में कोई घोटाला हुआ हो, जिस दिन भ्रष्टाचार का आरोप लग जाएगा उस दिन इस राजनीति को ठोकर मार कर हम लोग बैठ जाएंगे, ऐसी राजनीति मंजूर नहीं है|
रक्षा मंत्री ने कहा,''उनके राज में खनन घोटाला, खाद्यान्न घोटाला, एम्बुलेंस घोटाला, रिवर फ्रंट घोटाला हो गया है। हमारी सरकार में कोई घोटाला करेगा तो उसको उल्टा कर देंगे| अब यूपी में ट्रिपल एंजिन की सरकार चलेगी। मोदीजी का विज़न, योगीजी का मिशन और जनता का पार्टिसिपेशन से सरकार चलेगी|
उन्होंने कहा,''कहने को कहते हैं कि हम समाजवादी हैं, नाम रख दिया समाजवादी पार्टी, समाजवाद इन्हें छूकर भी नहीं गया। समाजवादी वो होता है जो जनता को भय और भूख से निजात दिला दे। ये समाजवादी पार्टी जब सत्ता में आती है तो जनता में भूख और भय बढ़ जाता है|
राजनाथ सिंह ने कहा,''कई जगहों पर महिलाएं दूर से जल ढो कर लाती हैं। जिसे देख कर PM ने तय किया कि हर घर तक नल से जल पहुंचेगा। आजमगढ़ में भी कोई घर ऐसा नहीं बचेगा जहां नल से जल ना पहुंच जाए, यहां भी काम शुरू हो गया है जो आने वाले 1-2 साल में पूरा हो जाएगा|