बागपत: होली पर हुड़दंग के दौरान कुछ लोगों की जान पर बन आई। एक वायरल वीडियो में बागपत में तेज़ रफ़्तार से आ रहा ऑटो पानी से भरा गुब्बारा लगने से पलटता दिख रहा है| वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बागपत में कैसे एक तेज रफ़्तार ऑटो पानी से भरा गुब्बारा लगने से पलट गया| गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, हालांकि, ऑटो सवार दो व्यक्तियों को हल्की चोटें जरूर आई हैं|
दरअसल,होली के दिन कुछ बच्चों व युवाओं ने दिल्ली-सहारनपुर ह??ईवे से गुजर रहे वाहनों पर पानी से भरे के गुब्बारे मारते शुरू कर दिए। इसी दौरान वहां से गुजरे एक आटो पर पानी से भरा गुब्बारा मारा और पानी फेंकना शुरू कर दिया। पानी व गुब्बारे से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ आटो हाईवे पर घिसटता हुआ पलट गया। उसमें सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने आटो को सीधा किया और उसमें फंसे दो बच्चों समेत पांच लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद उक्त लोग चले गए।
आटो सीधा होने के बाद घायल उसी में सवार होकर चले गए। यह पता नहीं चल सका कि वह कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे। बागपत कोतवाली प्रभारी का कहना है कि किसी ने तहरीर नहीं दी है, लेकिन मामले का संज्ञान लेते हुए अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सीओ बागपत अनुज मिश्रा ने बताया कि कोतवाली बागपत को सोशल मीडिया से वीडियो प्राप्त हुआ जिसमें गुब्बारा फेंकने से ऑटो पलटता दिख रहा है, पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच की। इस घटना में ऑटो सवार दो व्यक्तियों को हल्की चोटें आई हैं, अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है|