बक्सा/गुवाहाटी: असम में हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पिछले कई सालों में हाथियों के हमले से मौत की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। ऐसी ही एक घटना शनिवार देर रात की है। बक्सा जिले में जंगली हाथियों के झुंड ने एक व्यक्ति को कुचल कर मार डाला और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें कि,''आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक पिछले तीन सालों में असम में हाथियों के हमले से कम से कम 229 लोग मारे गए हैं।
घटना बक्सा जिले के खैरानी गांव में शनिवार देर रात की है। मृतक की पहचान रविंद्र बोरो के रूप में हुई है। पांच घायल व्यक्तियों में धनपति बोरो, अनिल दैमारी, परेश बोरो, थेंगोना मुशहरी और सुलेंद्र बोरो हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पास के जंगल से जंगली हाथियों का झुंड इलाके में घुस आया। स्थानीय लोगों ने उन्हें डराने की कोशिश की ताकि वे जंगल में लौट आएं लेकिन, उन्होंने उन पर हमला कर दिया। हाथियों के हमले से रविंद्र बोरो भी बुरी तरह घायल हो गया। उन्हें अन्य पांच घायलों के साथ रंगिया के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि, दाईमरी की हालत नाजुक बताई जा रही है।