बरेली: बरेली के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार/शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया| यहाँ एक अज्ञात वाहन और कार के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि बाइक पर तीन अन्य युवक घायल हो गये है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
दरअसल, यह हादसा गुरुवार/शुक्रवार रात करीब ढाई बजे हुआ| कार में 6 लोग सवार थे। ये सभी लोग बरेली कैंट के युगवीणा बारात घर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
गांधी उद्यान से कैंट की ओर जाने वाले मार्ग पर बरेली क्लब के पास जैसे ही कार पहुंची, तभी कार पीछे से एक अज्ञात वाहन में घुस गई| जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया|
इस हादसे में कैंट थाना क्षेत्र के बुखारा गांव निवासी 24 वर्षीय विशाल, झील गौटिया निवासी 37 वर्षीय सुरेंद्र और कांधरपुर निवासी 26 वर्षीय अरविंद की मौत हो गई। जबकि देव, दिग्विजय और अनिल कुमार घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने पंचनामा भरकर तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
DIG बरेली अखिलेश चौरसिया ने बताया कि,''थाना कोतवाली में कुछ लोग शादी से एक कार में आ रहे थे। उस कार का एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गया। इसमें 3 लोगों की मृत्यु हो गई है और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में FIR दर्ज़ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी|