इटावा: इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र अन्तर्गत आगरा- कानपुर हाइवे पर शुक्रवार की रात ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में पति-पत्नी व चार साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठी एक अन्य महिला घायल हो गई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही, हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर भागने के लिए पुल से नीचे कूदा तो उसके दोनों पैर टूट गए। ड्राइवर भी अस्पताल में भर्ती है।
मृतक पति-पत्नी मैनपुरी के रहने वाले थे| इटावा के जसवंत नगर क्षेत्र के ग्राम टकपुरा में रिश्तेदार के यहाँ गुरुवार को शादी थी। अनिल पुत्र राकेश अपनी पत्नी शिवरानी, साली सुमन व उसके 4 साल के बेटे आर्केश साथ रिश्तेदार के घर पर निमंत्रण में आये थे। अनिल की साली सुमन औरेया के बाबरपुर की रहने वाली थी|
शुक्रवार शाम को अनिल, अपनी पत्नी, साली व उसके 4 साल के बेटे साथ टकपुरा से बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिविल लाइन के पास नेशनल हाईवे पर बुडैला गांव के सामने एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में अनिल, उनकी पत्नी शिवरानी व सुमन के बेटे की मौत हो गई। जबकि सुमन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलने पर डीएम व एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे|
SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि,''एक बाइक और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। बाइक पर एक बच्चा समेत 4 लोग सवार थे। इसमें 3 की मृत्यु हो गई है। एक महिला घायल है, इलाज कराया जा रहा है। ट्रक बरामद कर लिया गया है और चालक को गिरफ़्तार कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है|