बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। बरेली जिले के फतेहगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एम्बुलेंस और कैंटर के बीच सड़क दुर्घटना में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में तीन महिलाएं शामिल हैं। हादसा दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मीरगंज के पास हुआ है। पुलिस मौके पर मौजूद है।और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरेली जिले के फतेहगंज थाना इलाके में नेशनल हाइवे के शंखा पुल के पास एम्बुलेंस और डीसीएम गाड़ी में जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एम्बुलेंस में बैठे सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों की शिनाख्त हो गई है। यह सभी पीलीभीत के पहाड़गंज के रहने वाले थे।
बताया जा रहा है कि,यह सभी दिल्ली से लौट रहे थे। परिवार के एक सदस्य को एम्स में दिखाने गए थे। एंबुलेंस चालक बरेली का रहने वाला था। बाकी 6 लोग पीलीभीत के थे।
मृतकों में खुर्शीद (50), उसकी पत्नी समीरन (45), बेटा आरिफ (19), बहन सगीर बानो (53), भतीजा मोहम्मद जफर (20), समीरन की बहन नसरीन (23) और भोजीपुरा निवासी चालक मेहंदी खान (32) शामिल हैं। सभी मृतक थाना विलसंडा के गांव पहाड़ गंज के हैं।
बरेली के SSP रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि,''दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक एम्बुलेंस दिल्ली से आ रही थी। सुबह 6-6:30 बजे एम्बुलेंस डिवाइडर को पार करते समय सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। एम्बुलेंस में सवार सभी 7 लोगों की मृत्यु हो गई। शवों को ज़िला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम किया जा रहा है|
बताया जा रहा है कि खुर्शीद अपनी पत्नी समीरन का कैंसर इलाज करा रहे थे। हालत ज्यादा बिगड़ने पर 30 मई को बरेली से दिल्ली एम्स गए थे। एम्स में उन्हें भर्ती करना था। लेकिन दिनभर कोशिश की लेकिन भर्ती नहीं करा सके| हालात इतनी बिगड़ चुकी थी की उन्हें भर्ती करने से मना कर दिया था और घर ले जाने को कह दिया। इससे दुखी होकर वापस घर लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब सात बजे हादसे का शिकार हो गए।
बरेली पुलिस ने बताया कि,'थाना फतेहगंज पश्चिमी के अंतर्गत दिल्ली से आ रही एक एंबुलेंस डिवाइडर क्रॉस करते हुए सामने से आ रहे डीसीएम से टकरा गई। जिसमें 7 लोगों की दु:खद मृत्यु हुई है। घटनास्थल पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के द्वारा निरीक्षण किया गया है। शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बरेली में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है| मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।