Basti: 44 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, 20 कार्यकत्रियों को वितरित किए गए स्मार्टफोन
कुदरहा, बस्ती। ब्लॉक सभागार कुदरहा में शुक्रवार को आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति पत्र वितरण एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को डाटा फीडिंग के लिए स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे एवं विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में 44 महिलाओं को आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में नियुक्ति प्रदान की गई है। उन्होंने नवचयनित सहायिकाओं से अपने दायित्वों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज ने कहा कि तीन से छह वर्ष तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पर होती है। बच्चों की मजबूत नींव ही उनके उज्ज्वल भविष्य का आधार बनती है। उन्होंने कार्यकत्रियों को केंद्रों पर गतिविधि आधारित शिक्षा, सहायक शिक्षण सामग्री के उपयोग तथा पोषण ट्रैकर ऐप पर शत-प्रतिशत एवं सही डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों की लंबाई एवं वजन दर्ज करने में विशेष सावधानी बरतने को कहा।
बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) देवेंद्र मिश्र ने बताया कि कुल 48 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिनमें से 44 केंद्रों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिन मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को अब तक स्मार्टफोन उपलब्ध नहीं हो सके थे, वहां की 20 कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए हैं। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए सुपरवाइजर शीतल त्रिपाठी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीएम फेलो आनंद सोनी ने किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रसूलपुर अजय पाल, राम प्रकाश यादव, अजय श्रीवास्तव, माया पासवान, संध्या त्रिपाठी, रीता यादव, अस्मिता शर्मा, सुजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Powered by Froala Editor
