कुदरहा, बस्ती: आकांक्षी ब्लॉक कुदरहा को प्रोत्साहन स्वरूप प्राप्त एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि से बनने वाले डिजिटल लाइब्रेरी भवन का शिलान्यास गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर उन्होंने भवन की आधारशिला रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे ने कहा कि कुदरहा ब्लॉक ने बीते वर्षों में विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप किए गए कार्यों के फलस्वरूप ब्लॉक को एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है। इसी धनराशि से ब्लॉक परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित लाइब्रेरी में लगभग 100 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी। डिजिटल संसाधनों से सुसज्जित यह लाइब्रेरी ग्रामीण अंचल के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को शहरों जैसी अध्ययन सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में मिल सकेंगी।
कार्यक्रम का संचालन सीएम फेलो आनंद सोनी ने किया। इस दौरान प्रधान अजय पाल, महंथ पाल, इंद्र कुमार, पंकज पांडेय, अमित शुक्ला, राम प्रकाश यादव, ओमकार चौधरी, राजेश यादव, संजीव गोस्वामी, रविंद्र अग्रहरि, दिनेश अग्रहरि, अजय श्रीवास्तव, राहुल कुमार सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Powered by Froala Editor