Basti : दिनदहाड़े घर से भरा गैस सिलेंडर चोरी, CCTV में कैद हुआ शातिर
बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा इलाके में दिनदहाड़े घर से भरे गैस सिलेंडर की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे हुई यह वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक युवक बेखौफ अंदाज में कंधे पर सिलेंडर लादकर ले जाता हुआ नजर आ रहा है। पीड़ित राहुल पाल ने बताया कि बुधवार सुबह 10 बजकर 46 मिनट पर यह घटना हुई, जिसकी जानकारी उन्हें कुछ समय बाद हुई। सिलेंडर गांव भिजवाने के लिए गैराज में रखा गया था। जब वहां सिलेंडर नहीं मिला तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में लाल रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक आता है और आसानी से सिलेंडर उठाकर ले जाता हुआ दिखाई देता है।
पीड़ित ने बताया कि यह सिलेंडर उन्हें काफी मुश्किलों के बाद मिला था। उनका नंबर 147वां था और घंटों लाइन में लगने के बाद ही सिलेंडर मिल पाया था। उन्होंने कहा कि इससे पहले उनके यहां कभी चोरी की घटना नहीं हुई थी। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी मोतीचंद ने बताया कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और जल्द ही इस घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस टीम सक्रिय होकर जांच में जुटी हुई है।
Powered by Froala Editor
