Basti: लालगंज थाना क्षेत्र के लखरईया गाँव में एक 18 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान धर्मेंद्र, पुत्र संतकुमार के रूप में हुई है। वह लालगंज के स्व0 द्वारिका चौधरी इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ गाँव में छोटे-मोटे काम भी करता था।
घटना की जानकारी तब हुई जब धर्मेंद्र की माँ, बिंदु देवी, उन्हें भोजन के लिए बुलाने घर के सामने बाग में स्थित मड़ई में पहुँचीं। वहां उन्होंने अपने बेटे को फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया। इस हृदयविदारक दृश्य से स्तब्ध माँ ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।कुदरहा चौकी प्रभारी राम अशोक यादव ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दुखद घटना के बाद धर्मेंद्र के छोटे भाई, जितेंद्र, को जब अपने भाई की मौत की खबर मिली तो उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कुदरहा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मृतक धर्मेंद्र अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे और उनकी पांच बहनें भी हैं। परिजनों ने इस घटना के पीछे एक चौंकाने वाला आरोप लगाया है। उनके अनुसार, धर्मेंद्र एक लड़की से बात करते थे और लड़की व उसके परिवार वाले धर्मेंद्र को ब्लैकमेल कर उनसे पैसे वसूल रहे थे। परिजनों का कहना है कि सोनाली, पुत्री दया राम, निवासी ग्राम मड़या, जिला संतकबीर नगर, धर्मेंद्र को शादी के लिए धमका रही थी और शादी न करने पर जेल भेजने की धमकी दे रही थी। जबकि धर्मेंद्र के परिवार वाले शादी के लिए तैयार थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।