कुदरहा, बस्ती। सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सेवा सेतु योजना के तहत ब्लॉक परिसर में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में कर्मचारियों की बैठक हुई। खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज ने सचिवों, तकनीकी सहायकों, रोजगार सेवकों और पंचायत सहायकों को गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र ग्रामीणों को शिविर का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बीडीओ आलोक कुमार पंकज ने बताया कि तीन से सात अक्टूबर तक ब्लॉक परिसर में पांच दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, निर्वाचन, ग्राम विकास, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्योग एवं सेवायोजन, बैंकिंग एवं ऋण, खाद्य एवं आपूर्ति, विद्युत, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, कौशल विकास और श्रम विभाग समेत 18 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि योजनाओं से वंचित ग्रामीणों को शिविर की जानकारी देने के लिए गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
शिविर की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए एडीओ पंचायत नंदलाल राम, एडीओ आरडी देवेंद्र प्रसाद यादव और सचिव प्रकाश मोहन को नोडल नामित किया गया है। बीडीओ ने कहा कि विकास क्षेत्र का कोई भी नागरिक यदि संबंधित विभाग की योजना के लाभ से वंचित है तो शिविर में पहुंचकर जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार लाभ ले सकता है।
पंचायत सहायकों ने उठाया ग्राम सचिवालयों में सुविधाओं का मुद्दा
बैठक के दौरान पंचायत सहायकों ने ग्राम सचिवालयों में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई ग्राम सचिवालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से कार्य करने में परेशानी हो रही है। इसका असर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी पड़ रहा है। इस पर बीडीओ ने कहा कि जहां भी समस्या है, उसकी लिखित जानकारी उपलब्ध कराएं। समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
बैठक में सीएम फेलो आनंद सोनी, ऑपरेटर राहुल कुमार, सत्येंद्र तिवारी, सुरेंद्र सिंह, केपी गिरी, सीबी यादव, महेंद्र यादव, अभिनव यादव, राकेश कुमार, बजरंग बाण, कमलेश सिंह, संदीप कुमार, अविनाश, संदीप यादव समेत तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।
Powered by Froala Editor