बस्ती: बस्ती में बहादुरपुर के वर्तमान ब्लॉक प्रमुख राम कुमार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र से नव निर्वाचित विधायक महेंद्र नाथ यादव के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित घर से बरामद किया गया है| आठ थानों की पुलिस फोर्स ने सदर सीट से चुने गए सपा विधायक और जिला अध्यक्ष महेंद्रनाथ यादव के घर छापा मारा है। पुलिस कार्रवाई में बहादुरपुर ब्लॉक प्रमुख रामकुमार को सकुशल बरामद किया गया। सपा विधायक पर ब्लॉक प्रमुख रामकुमार के अपहरण का आरोप था।
इस घटना के बाद कलवारी थाने में विधायक महेंद्रनाथ यादव के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2021 से बहादुरपुर के ब्लॉक प्रमुख रामकुमार गायब थे|
सपा विधायक के घर प्रमुख रामकुमार की लोकेशन मिली जिसके बाद तत्काल फोर्स उन्हें वहां से मुक्त कराने के लिए वहां पहुंची। सपा विधायक महेंद्रनाथ यादव ने दरवाजा खोला और ब्लॉक प्रमुख रामकुमार को पुलिस को सौंपा।
पुलिस के मुताबिक,''ब्लॉक प्रमुख रामकुमार के साले कलवारी थाना क्षेत्र के मधुपुरमिया निवासी ओम प्रकाश ने कलवारी पुलिस को दी गई तहरीर में अपने जीजा रामकुमार को अक्टूबर 2021 में अपने साथ ले जाने और पिछले 4 माह से घर के एक कमरे में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया।
नाटकीय तरीके से आज पुलिस ने रामकुमार को छुड़ाया| रामकुमार पंचायत चुनाव में पहले तो बीजेपी के टिकट से चुनाव जीते मगर कुछ ही दिन बीतने के बाद रामकुमार ने पलटी मार ली और सपा विधायक के पाले में चले गए और सदस्यता ग्रहण कर ली| तब से रामकुमार को बीजेपी के नेता ढूंढ रहे थे मगर उनका कुछ पता नहीं चल पा रहा था|
एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख रामकुमार के साले की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मौजूदा विधायक के आवास पर पहुंची। जहां ब्लॉक प्रमुख मौजूद मिले। जिन्हें उनके परिवार के सुपुर्द किया गया है। इस सम्बन्ध में आगे की जानकारी की जा रही है। वादी और ब्लॉक प्रमुख के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि 18 मार्च का शाम को थाना कलवारी पर मिठाईलाल ने आकर ये सूचना दी उनके जीजा रामकुमार जो बहादुरपुर के वर्तमान ब्लॉक प्रमुख हैं, उनको 23 अक्टूबर 2021 को जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी महेन्द्रनाथ यादव अपने साथ लेकर गए थे, और उनके जीजा रामकुमार द्वारा 17 मार्च की रात में अपने साले ओमप्रकाश से फोन पर बातचीत में बताया गया कि उनको जबरदस्ती महेन्द्र नाथ यादव ने अपने आवास पर बंधक बनाया हुआ है और उनको निकलने नहीं दिया जा रहा है|
श्रीवास्तव ने बताया कि,'' ओमप्रकाश की इस तहरीर के आधार पर एक मुकदमा पंजीकृत किया गया है, उन्होंने कुछ ऑडियो भी उपलब्ध कराए हैं, उन ऑडियो को सुन करके तहरीर पंजीकृत की गई और जब मौके पर पुलिस गई तो वहां पर रामकुमार मौजूद थे| एसपी ने आगे कहा कि रामकुमार को वहां से लेकर के उनके परिवार को सुपुर्द कर दिया गया है| इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है जो मजरुब और वादी है उनके बयान लेकर लिए जा रहे हैं, फिलहाल मजरुब को हमने अपने तरफ से पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवा दी है|
24 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये थे
रविवार ,24 अक्टूबर को बहादुरपुर ब्लाक प्रमुख रामकुमार अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये थे| रामकुमार ने कहा था कि भाजपा में उनका दम घुट रहा था| बहादुरपुर ब्लाक प्रमुख रामकुमार के सपा में शामिल होने के मौके पर सपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र नाथ यादव के साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्य गिरीश कुमार, विवेक कुमार शुक्ल पिन्टू, राम प्रकाश यादव, बब्लू यादव, पार्टी के अनेक नेता, कार्यकर्ता शामिल रहे|

26 नवंबर, 2021 को बहादुरपुर ब्लाक प्रमुख ने महेन्द्र को दिया था प्रतिनिधि का दायित्व
बहादुरपुर विकास खण्ड के ब्लाक प्रमुख एवं समाजवादी पार्टी के नेता रामकुमार ने गुरूवार को सपा जिलाध्यक्ष महेन्द्रनाथ यादव के साथ जिलाधिकारी को सम्बोधित पत्र उनके प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। पत्र में रामकुमार ने कहा था कि उनकी अनुपस्थिति या मुख्यालय से बाहर रहने की स्थिति में क्षेत्र पंचायत बहादुरपुर के विकास कार्यो के अनुश्रवण, देखरेख एवं ब्लाक तथा जिला स्तरीय बैठकों में भाग लेने हेतु महेन्द्रनाथ यादव ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि के रूप में दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
