मुंबई: माटुंगा और दादर स्टेशन के बीच पुडुचेरी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि दादर सेंट्रल से पुडुचेरी जाने वाली ट्रेन नंबर 11005 पुडुचेरी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतरे हैं। इसके चलते मध्य रेलवे का यातायात प्रभावित हो गया है। सूचना मिलते ही रेलवे के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लेने में जुट गए हैं। मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है।
जीआरपी मुंबई के मुताबिक, रेलवे प्रशासन के सहयोग से जीआरपी मुंबई के वरिष्ठ अधिकारी फंसे हुए यात्रियों की मदद का इंतजाम कर रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे सहयोग करें और आपात स्थिति में 1512 डायल करें|
इस हादसे की वजह से 11005 दादर-पुडुचेरी एक्सप्रेस जेसीओ 15 अप्रैल 2022 और 11139 सीएसएमटी-गडग एक्सप्रेस जेसीओ 15 अप्रैल 2022 ट्रेनों को रद्द किया गया है। दादर के पास दादर-पुडुचेरी एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने के मद्देनजर मध्य रेलवे द्वारा हेल्पलाइन संपर्क नंबर जारी किए गए हैं।
रेलवे सीपी ने बताया कि माटुंगा के पास चालुक्य एक्सप्रेस और मुंबई सीएसएमटी गडग एक्सप्रेस के बीच एक मामूली टक्कर हुई है। जीआरपी मुंबई और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर हैं। हम यात्रियों को बाहर निकाल रहे हैं। अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। एक बोगी पटरी से उतर गई है। उपनगरीय ट्रेनें चल रही हैं। वहीं, मध्य रेलवे के सीपीआरओ (मुंबई) शिवाजी एम सुतार ने बताया कि अप और डाउन स्लो लाइन ट्रैफिक (जो सुरक्षा कारणों से निलंबित कर दिया गया था) को बहाल कर दिया गया है।
दादर के पास दादर-पुडुचेरी एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद मध्य रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। रेलवे सीपी कैसर खालिद ने बताया कि माटुंगा में दुर्घटनास्थल का दौरा किया है। हम गडग एक्सप्रेस को दादर स्टेशन ले जा रहे हैं। सभी यात्री और उनका सामान सुरक्षित है। चालुक्य/पुडुचेरी एक्सप्रेस के यात्रियों को निकाला गया है। सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन और पोल को ठीक किया जा रहा है।
मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक बी.के. दादाभोय ने बताया कि,''किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है। सभी सुरक्षित हैं। घटना का कारण जांच का विषय है|