भरूच: गुजरात के भरूच में रविवार /सोमवार रात एक केमिकल कंपनी में आग लग गई। हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई। सोमवार सुबह तीन बजे भरूच जिले में केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से विस्फोट हो गया। जिसमें 6 मजदूरों की मौत हो गई। जिस वक्त आग लगी, उस वक्त ओम ऑर्गेनिक कंपनी में डिस्टिलेशन प्रोसेस चल रही थी। आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही धुएं के गुबार दिखाई दे रहे थे। हादसे के बाद फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
आग इतनी भीषण थी कि कंपनी का सारा सामान जल कर राख हो गया। घटना की जांच पुलिस के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग भी कर रहा है। पुलिस कंपनी में फायर सेफ्टी उपकरण की भी जांच कर रही है कि कंपनी में वे मौजूद थे या नहीं।
SP भरूच लीना पाटिल ने बताया, "कल रात कंपनी में धमाका हुआ। रिएक्टर प्लांट में धमाका होने की वजह से वहां मौज़ूद 6 कामगरों की मृत्यु हो गई। उसके बाद आग लग गई। आग पर काबू पा लिया गया है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।"
पुलिस के मुताबिक ओम ऑर्गेनिक फैक्ट्री डेढ़ साल पहले ही शुरू हुई है। जिसमें केमिकल मिक्सिंग के कई प्लांट हैं। हादसे में मृतक के परिवार के सदस्य वसंत वसावा ने कहा, "हमें सुबह करीब 4 बजे कंपनी से आग लगने के बारे में फोन आया और कहा गया कि हमारे रिश्तेदारों के शव नहीं मिले हैं। लेकिन जब हम पहुंचे, तो पता चला कि वे बॉडी ले गए थे।
एक अन्य मृतक के परिवार के सदस्य गोविंद वसावा ने कहा कि उन्हें चिरागभाई का फोन आया था और कहा था कि रिएक्टर में विस्फोट के कारण कंपनी में आग लग गई थी। जिसमें मेरे भाई प्रकाश की मौत हो गई है। हम यहां सुबह छह बजे से हैं। जब से आए हैं तब से गेट के पास ही खड़े हैं और अभी तक अंदर जाने नहीं मिला है। हमारे आने से पहले लाशों को ले गए।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के भरूच स्थित एक कारखाने में दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये और घायल हुए लोगों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया;"प्रधानमंत्री narendra modi ने भरूच स्थित एक कारखाने में दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"