खरगोन: मध्य प्रदेश के रामनवमी के दिन खरगोन में रामनवमी के जुलूस के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गई। झड़प के दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी और कोतवाली थाना प्रभारी बनवारी मंडलोई भी घायल हो गए| बवाल के बाद खरगोन में कर्फ्यू लगाया गया है। शहर के चप्पे चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इधर पुलिस ने इस मामले में अब तक 84 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 19 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है।
बता दें कि खरगोन में श्रीराम शोभायात्रा पर रविवार शाम को तालाब चौक के पास पथराव किया गया। उपद्रवियों ने 30 से ज्यादा दुकानों और मकानों में आग लगा दी। रात करीब 9 बजे मामला कुछ शांत हुआ, लेकिन देर रात 12 बजे फिर हिंसा भड़क गई। आनंद नगर, संजय नगर मोतीपुरा में घर फूंक दिए गए। कुछ घरों में लूटपाट भी की गई। इससे 70 से अधिक परिवारों को घर छोड़कर दूसरी जगह जाना पड़ा।
इस घटना में 10 पुलिसकर्मी और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। SP सिद्धार्थ चौधरी के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस-प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना का दुर्भाग्यपूर्ण कहा है। CM ने कहा- किसी दंगाई को नहीं छोड़ेंगे। उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। दंगाई चिह्नित कर लिए गए हैं। जिन्होंने पत्थर चलाए, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, उनसे सार्वजनिक या निजी संपत्ति के नुकसान की वसूली भी करेंगे। CM के आदेश के बाद खरगोन में मोहन टाकीज इलाके में दंगाइयों के मकान तोड़ने का काम प्रशासन ने शुरू कर दिया है।
खरगोन में रामनवमी यात्रा पर हुए पत्थराव की घटना पर कमिश्नर पवन शर्मा ने कहा,''84 लोगों को गरिफ़्तार कर इनकी अवैध संपत्ति और अतिक्रमणों को तोड़ा है। लगभग 50 जगहों पर कार्रवाई की जा रही है। अफवाह फैलाने के लिए 3 शासकीय कर्मचारियों को नौकरी से बरखास्त किया है और एक को सस्पेंड किया है|
इंदौर रुरल के IG राकेश गुप्ता ने बताया, "स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। पुलिस बल सभी संवेदनशील जगहों पर तैनात है। शहर में कर्फ्यू की घोषणा हुई है, जिसे हम लागू करा रहे हैं।" सुरक्षाबल लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। हम हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है|
खरगोन में कल रामनवमी के दिन हुई हिंसा पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा,''कल प्रदेश में रामनवमी उत्साह के साथ मनाई गई लेकिन, खरगोन में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। दंगाई छोड़े नहीं जाएंगे। उनकी पहचान की जा चुकी है। जिन्होंने कल पत्थर फेंके और संपत्तियों को नुक़सान पहुंचाया| .उन्हें दण्ड तो दिया जाएगा, इसके साथ संपत्तियों को जितना नुक़सान हुआ है, उसकी उनसे(दंगाई) वसूली भी की जाएगी|
कल रामनवमी के दिन खरगोन में हुई हिंसा पर मध्य प्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा,''अब तक 77 लोग गिरफ़्तार हुए। SP के पैर में छर्रे लगे, उसे हम गोली भी कह सकते हैं। वे घायल हुए हैं। हमारे पुलिस के 6 ज़वान भी घायल हुए हैं। हम किसी को भी राज्य के अंदर माहौल नहीं बिगाड़ने देंगे|
मध्य प्रदेश के अलावा गुजरात के आणंद जिले के खंभात और साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर में भी रामनवमी पर सांप्रदायिक झड़पें हुई हैं| अधिकारियों के मुताबिक दोनों जगहों पर पथराव और आगजनी की घटनाएं हुई हैं और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े हैं|
खंभात के पुलिस अधीक्षक अजीत राज्यन ने कहा, " जिस स्थान पर रामनवमी के जुलूस के दौरान दो समूह आपस में भिड़ गए थे, वहां से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है| मृतक की उम्र लगभग 65 वर्ष प्रतीत होती है|
उधर, साबरकांठा के हिम्मतनगर में भीड़ ने जुलूस के दौरान कुछ वाहनों और दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया| पुलिस को वहां स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े|साबरकांठा के पुलिस प्रमुख विशाल वाघेला ने कहा, "हाथापाई के दौरान कुछ लोगों पर पथराव किया गया है|