भोपाल: मध्य प्रदेश के भोपाल में सिक्किम की एक युवती की “संदिग्ध परिस्थितियों” में चोट के बाद मौत हो गई। युवती की बॉडी में कांच और चाकू से वार के घाव मिले हैं| युवती की पहचान प्रेमा लांबा तमंग के सिक्किम निवासी के रूप में हुई है।
प्रेमा लांबा तमंग भोपाल के इंद्रपुरी इलाके में किराए के फ्लैट में शहडोल निवासी हर्ष केशरवानी नाम के युवक के साथ लिव इन में रह रही थी| दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी| इसके बाद दोनों में अफेयर हो गया था|
सिक्किम निवासी 24 वर्षीय प्रेमा लांबा तमंग रोहित नगर शाहपुरा में एक निजी ब्यूटी पार्लर में ब्यूटीशियन थी| युवक हर्ष केशरवानी निजी कालेज से फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा है। एक महीने पहले ही दोनों पिपलानी थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी सी सेक्टर में किराए का फ्लैट लेकर लिव-इन में रहने लगे थे।
सोमवार को युवती की गला कटने से संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवती के बॉयफ्रेंड का कहना है कि उसने आत्महत्या की है | प्रेमा के प्रेमी ने पुलिस को बताया कि आपसी विवाद के बाद युवती ने स्वयं ही कांच के टुकड़े से गला काटा है।
पुलिस युवती के लिव-इन पार्टनर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त कर लिए हैं। पुलिस जांच में जुटी है कि यह हत्या है या आत्महत्या है|
भोपाल के एसीपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया , मृतक युवती एक युवक के साथ रहती थी। युवक का कहना है कि उसके फोन पर किसी अन्य लड़की का फोन आने की बात से पीड़िता नाराज हो गई और उसने खुद को चोट पहुंचाई| जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर साक्ष्यों की जांच की जा रही है। उसके बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा कि ये हत्या है या आत्महत्या है। जांच जारी है