Ranbir Alia Wedding: बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर और आलिया भट्ट आज शादी के बंधन में बंध गए | आलिया भट्ट और रणबीर कपूर आज (14 अप्रैल 2022) मुंबई में शादी के बंधन में बंध गए | दोनों ने रणबीर के वास्तु अपार्टमेंट में सात फेरे लिए। कपल ने अपनी शादी बेहद ही साधारण तरीके से की। शादी में दोनों के परिवार और क्लोज फ्रेंड्स ही शामिल हुए।
इस दौरान करीना कपूर, करिश्मा कपूर, पूजा भट्ट, आकाश अम्बानी से लेकर बॉलीवुड की कई हस्तियाँ मौजूद थीं। इसके साथ ही शादी के दौरान ऋषि कपूर को भी श्रद्धांजलि दी गई।
शादी कार्यक्रम के दौरान दोनों ही परिवार के लोगों ने रणबीर कपूर के पिता ऋषि कपूर को श्रद्धांजलि दी और एक उनका बड़ा सा फोटो शादी के मंडप के पास ही लगाया गया। सात फेरे होने के बाद रणबीर कपूर और आलिया भट्ट मीडिया से मुखातिब होने के लिए मीडिया के कैमरों के सामने आए।
इस दौरान रणबीर कपूर और आलिया भट्ट दोनों ही बेहद खुश नजर आए। जब रणबीर कपूर और आलिया फोटो सेशन के बाद अपने घर में अंदर जाने लगे तो रणबीर कपूर ने आलिया भट्ट को अपनी गोद में उठा लिया। वहां मौजूद लोगों ने ताली बजाकर दोनों का स्वागत किया।
इससे पहले रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम खाते के ज़रिए शादी की पहली तसवीरें जारी कीं जिसमें आलिया और रणबीर कपूर एक दूसरे का हाथ थामे हुए नज़र आ रहे थे। वहीं दूसरी फोटो में आलिया और रणबीर एक दूसरे को किस करते हुए नज़र आ रहे थे। एक फोटो आलिया भट्ट ने ऐसा भी जारी किया जिसमें यह स्टार जोड़ी मंडप में बैठी हुई है और एक दूसरे का हाथ थाम कर अग्नि के सामने वचन ले रहे हैं।
आलिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शादी की फोटोज शेयर की हैं। अपने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए आलिया लिखती हैं, 'आज, अपने परिवार और दोस्तों से घिरे, घर पर… हमारी पसंदीदा जगह पर - जिस बालकनी में हमने अपने रिश्ते के पिछले 5 साल बिताए हैं -वहां हमने शादी कर ली।पिछले कुछ सालों से हमने कई यादें इकट्ठा की हैं, अब हम एक साथ और अधिक यादें बनाने के लिए इंतजार नहीं कर सकते ... यादें जो प्यार, हंसी, चुप्पी, मूवी नाइट्स, झगड़े, प्रसन्नता से भरी हों। हमारे जीवन के इस महत्वपूर्ण समय में प्यार देने के लिए धन्यवाद। आपके इस प्यार की वजह से हमारा यह खास और भी खास बन गया। प्रेम, रणबीर और आलिया!
13 अप्रैल को हुई थी कपल की मेहंदी सेरेमनी
कपल की शादी की रस्में मंगलवार (13 अप्रैल) से शुरू हो गई थीं। 'वास्तु अपार्टमेंट' में ही रणबीर-आलिया की मेहंदी सेरेमनी हुई। इसके बाद रणबीर की मां नीतू कपूर ने वेडिंग डेट अनाउंस की थी। नीतू कपूर और रणबीर की बहन रिद्धिमा ने घर के बाहर पैपराजी से बातचीत के दौरान बताया कि शादी 14 अप्रैल को 'वास्तु अपार्टमेंट' में ही होगी।
मेहंदी सेरेमनी में नीतू कपूर और करण जौहर हुए इमोशनल
मेहंदी में रणबीर की मां नीतू कपूर, बुआ रीमा जैन, बहन रिद्धिमा और आलिया के पिता महेश भट्ट, बहन पूजा, शाहीन और भाई राहुल शामिल हुए। इनके अलावा करीना कपूर खान, करिश्मा कपूर, अरमान जैन, करण जौहर, अनुष्का रंजन, श्वेता बच्चन, निखिल नंदा और अयान मुखर्जी समेत कुछ सेलेब्स भी मेहंदी सेरेमनी में पहुंचे। इस सभी के फोटो और वीडियो वायरल हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आलिया को मेहंदी लगाने के बाद करण जौहर रोने लगे थे, क्योंकि वे उन्हें अपनी बेटी मानते हैं। सेरेमनी में नीतू की आंखों में भी पति ऋषि कपूर को याद कर आंसू भर आए। मेहंदी सेरेमनी से पहले दिवंगत ऋषि कपूर और सभी पूर्वजों की याद में पितृ पूजा हुई थी, जिसमें दोनों के फैमिली मेंबर्स शामिल हुए। इसके बाद गणेश पूजा हुई।