बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के थाना फैजगंज बेहटा में एक लड़की का शव मिलने से सनसनी फैल गई। थाना फैजगंज बेहटा अंतर्गत आसफपुर रेलवे स्टेशन के पीछे जंगल में शनिवार को नाबालिग लड़की का शव पड़ा मिला। शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
नाबालिग लड़की की शिनाख्त गुड़िया पुत्री राजपाल गांव पहाड़पुर थाना फैजगंज बेहटा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह गुरुवार/शुक्रवार रात से ही लापता थी| परिजनों ने बताया कि, पुलिस ने किसी भी परिजन को बिना बताए ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा, किशोरी के कपड़े अस्त-व्यस्त मिले थे, उसके मुंह पर मिट्टी लगी थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। फैजगंज बेहटा इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी मामला संदिग्ध लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसके बाद ही स्थिति साफ होगी।
बदायूं के एसएसपी ओ.पी. सिंह ने कहा कि, आसफपुर रेलवे स्टेशन के पीछे जंगल में एक बालिका के शव की सूचना मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को शिनाख्त के लिए भेजा है, आरोपियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी|