चंडीगढ़: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पंजाब पुलिस के डीजीपी वीके भवरा को पत्र लिखकर अलका लांबा और डॉ कुमार विश्वास के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने की मांग की है। इस पत्र में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा कि एफआईआर जिसकी शिकायत पर दर्ज की गई है उसकी पहचान अब तक उजागर नहीं हुई है| इसमें आरोप लगाया है कि क्योंकि ये दोनों व्यक्ति दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते हैं इसलिए इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है|
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ‘टिप्पणी' को लेकर दर्ज एक मामले के सिलसिले में पंजाब पुलिस बुधवार को आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता कुमार विश्वास और कांग्रेस नेता अलका लांबा के घर पर पहुंची थी| दोनों नेताओं को पूछताछ के लिए 26 अप्रैल को तलब किया गया है|
पंजाब में रूपनगर के सदर थाने में 12 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया। कुमार विश्वास ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल पर अलगाववादियों का समर्थन करने का आरोप लगाया था| उन्होंने पुलिस दल के बुधवार सुबह उनके गाजियाबाद स्थित घर पहुंचने की जानकारी एक ट्वीट कर साझा की थी| उन्होंने चेतावनी दी कि आप संयोजक केजरीवाल एक दिन पंजाब के साथ धोखा करेंगे|
वहीं कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा था कि पंजाब पुलिस ने उनके दिल्ली स्थित आवास के बाहर एक नोटिस चस्पा किया है और उन्हें कुमार विश्वास के खिलाफ दर्ज मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है| उन पर विश्वास के बयानों का समर्थन करने का आरोप है|
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने 26 अप्रैल को रोपड़ पेशी पर आने की बात कही है। लांबा ने कहा कि मैं नोटिस के मुताबिक SIT के आगे पेश होने पंजाब आउंगी। जो कहा उस पर सदा अडिग रहूंगी। मैं डरने वालों में से नहीं हूं। न ही AAP की तरह नशा माफियाओं से लिखी में माफी मांगकर डर कर घर बैठ जाने वालों में से हूं। कुमार को भी इसी दिन रोपड़ थाने में बुलाया गया है।
कुमार विश्वास ने प्रतिक्रिया दी कि समय की आहटें सुनिए और निश्चिंत रहिए। उन्होंने श्रीरामचरित मानस की पंक्ति 'जौं मैं राम तक कुल सहित कहिहि दसानन आई' (यदि मैं राम हूं तो दशमुख रावण परिवार समेत आकर स्वयं ही कहेगा) लिखी।
CBI, ED मिल गई तो केजरीवाल क्या करेंगे : खैहरा
कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा ने कहा कि केजरीवाल को अपने विरोधियों के खिलाफ पुलिस मिसयूज में सिर्फ एक महीना लगा। कल्पना करें कि अगर उनके पास CBI, ED, इनकम टैक्स, DRI और दूसरी एजेंसियां आ गई तो विरोधियों का क्या हश्र हो सकता है। केजरीवाल तेजी से भाजपा के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। यह बदलाव जरूर देखा जा सकता है।
16 फरवरी के बयान पर 12 अप्रैल को केस, शिकायतकर्ता गुप्त
कुमार और अलका पर केस के मामले में अहम बात सामने आई है। थाना रोपड़ सदर में 12 अप्रैल को FIR नंबर 25 दर्ज की गई है। जिसमें 16 फरवरी के बयान का हवाला दिया गया है। जिसका नोटिस 20 अप्रैल को तामील कराया गया। अभी तक न तो पुलिस ने किसी को FIR की कॉपी दी और न ही शिकायतकर्ता का नाम बताया है।
कुमार और अलका को 26 अप्रैल को सबूत लेकर रोपड़ थाने बुलाया गया है। पुलिस के मुताबिक इन दोनों के बयानों की वजह से आप समर्थकों को कुछ नकाबपोशों ने खालिस्तान समर्थक कहा। पुलिस ने उकसाने, राजनीति या धर्म के आधार पर लड़ाने, मीडिया प्लेटफॉर्म पर गलत बयान देने जैसी कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
विश्वास के बयान के बाद ''AAP'' को खालिस्तान समर्थक कहा : SP रूपनगर, पंजाब
बुधवार को पंजाब के रूपनगर के SP के हरवीर सिंह ने अटवाल कहा था',''हमारे पास शिकायत आई थी कि AAP के कार्यकर्ताओं को रोका गया और खालिस्तानी संबंधी नारे लगाए गए। यह मामला कुमार विश्वास की वीडियो(केजरीवाल का खालिस्तान के साथ संबंध में) वायरल होने के बाद शुरू हुआ |कुमार विश्वास को नोटिस जारी किया गया है कि अगर उनके पास कोई सबूत है तो दिखाएं। उसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी|