नई दिल्ली: कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की| खबर है कि मुलाकात के दौरान सचिन पायलट ने राजस्थान का मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताई है| खबर है कि पायलट और सोनिया गांधी की मुलाकात के दौरान भविष्य में राजस्थान में पार्टी के अंदर उनकी भूमिका क्या होगी इसपर भी चर्चा हुई है| मुलाकात के बाद सचिन पायलट का भी बयान सामने आया है|
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद सचिन पायलट ने कहा,''राजस्थान में दो साल पहले AICC की बनाई कमेटी ने कई कदम उठाए हैं, उसी दिशा में आगे काम करना है ताकि राज्य में 2023 में होने वाले चुनाव में हम फिर सरकार बना सकें। इसी संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष से बात हुई|
सचिन पायलट ने कहा,''राजस्थान एक ऐसा राज्य है जहां हर 5 साल में सरकार बदलती है और मुझे लगता है कि अगर हम सही चीजें करते हैं जैसे हमने करना शुरू कर दिया है, तो हमें उस दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है ताकि कांग्रेस अगले राजस्थान चुनाव जीत सके। आम चुनाव होने के तुरंत बाद यह महत्वपूर्ण है|
सचिन पायलट ने कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष बहुत उत्सुक हैं कि हम सभी राजस्थान में फिर से सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करें| मैं उसे नियमित रूप से अपनी प्रतिक्रिया देता रहा हूं| आज हमने संगठनात्मक चुनावों के बारे में भी बात की कि पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए|
बीजेपी पर हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा,''भाजपा महंगाई, बेराजगारी और अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों से लोगों का ध्यान मोड़ने के लिए बुलडोजर की राजनीति कर रही है। यह सब क़ानून और संविधान का उल्लंघन है|
सीएम गहलोत ने की थी एक दिन पहले मुलाकात
इससे पहले बीते बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। गहलोत के बाद पायलट की सोनिया गांधी से मुलाकात को अहम माना जा रहा है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि राजस्थान की राजनीति में बड़े सियासी बदलाव हो सकते हैं।