दरभंगा: बिहार से मानवता को शर्मसार करने वाली एक खबर आई है। दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी के चेहरे पर कालिख पोतकर पूरे गांव में घुमाया। कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के छपकाही झाझरा गांव में एक महिला का सिर मुंडकर, चेहरे पर कालिख और चूना पोतकर गांव में घुमाने का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है ...महिला का हाथ पकड़ कर युवक गांव की गलियों -सड़कों पर घुमा रहा है और उसके पीछे चल रही भीड़ महिला पर तरह-तरह की फब्तियां कसते हुए सीटी बजा रही है। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पति को गिरफ़्तार कर लिया गया है| महिला को अमानवीय रूप से अपमानित करने का यह वीडियो दरभंगा के कुशेश्वरस्थान के पागाही झंझरा पंचायत के छपकाही गांव का बताया जा रहा है।
थाना क्षेत्र के छपकाही झाझरा गांव में युवक ने अपनी पत्नी के पहले बाल काटे... उसके बाद उसके चेहरे के आधे को भाग को चूना और आधे को कालिख से रंग दिया | इस दौरान आरोपित के परिवार व गांव के लोग उसके साथ थे। उसने महिला को पूरे गांव में घुमाया और शाम को अकेले सूनी जगह पर छोड़ दिया। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए पीड़िता का बयान दर्ज किया और आरोपित पति समेत कई अन्य को गिरफ्तार की है।
दरभंगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) एके प्रसाद ने बताया,' "मामले में पीड़िता के पति की गिरफ़्तारी की गई है। मामले की जांच वहां के DSP द्वारा की जा रही है।"
जानकारी के अनुसार महिला के पति ने अपनी पत्नी पर गांव के ही एक युवक के साथ अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए 11 फरवरी को उसके साथ मारपीट की। इससे नाराज होकर पीडि़ता उसी रात घर से भागकर अपनी बहन के गांव चली गई। मामले को लेकर गांव में पंचायत बैठी। पंचायत में पंचों ने महिला को उपस्थित होने के बाद ही पंचायत करने की बात कही।
परिवारवालों ने महिला को 12 फरवरी को बहला फुसला कर गांव लाया। गांव आने पर महिला के पति, चचेरा भैंसुर व अन्य ने मिलकर पीडि़ता के बाल काटकर मुंह के आधा भाग में चूना लगाकर सरेआम गांव के चारों ओर घुमाकर शाम के साढ़े छह बजे एक गांव के एक टोला के निकट छोड़ दिया। इस दौरान पीडि़ता के साथ मारपीट भी की गई। रात में पीडि़ता ने रिश्तेदार के यहां जाकर रात बिताई।
महिला की मौजूदगी में 12 फरवरी को सरपंच, स्थानीय चौकीदार, पूर्व मुखिया सहित परिवार के लोगों के बीच पंचायत हुई। जिसमें पीडि़त महिला को भविष्य में किसी भी प्रकार से प्रताडि़त नहीं करने व उसे घर में पूर्व की तरह पत्नी के रूप में रखने का फैसला पंचों ने सुनाया। साथ ही पीडि़ता को भी इस मामले को लेकर केस मुकदमा नहीं करने का फैसला सुनाया। दोनों पक्षों ने पंचो के फैसले पर अपनी अपनी सहमति व्यक्त की।
इस बीच किसी ने मामले का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। बिरौल (दरभंगा) के पुलिस उपाधीक्षक मनीष चंद्र चौधरी ने कहा कि पीडि़ता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित पति को हिरासत में लिया गया है। अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। स्थानीय चौकीदार ने वरीय अधिकारियों को घटना की सूचना नहीं दी। चौकीदार के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।