देहरादून : उत्तराखंड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग 2021 परीक्षा पेपर लीक मामले में नकल माफियाओं के खिलाफ एसटीएफ की सर्जिकल स्ट्राइक जारी है। उत्तराखंड के कुमाऊं से पिछले 24 घंटे में UKSSSC पेपर लीक मामले में एक दर्ज़न गिरफ्तार हुए। गिरफ्तार लोगों में उत्तराखंड पुलिस के कांस्टेबल अमरीश गोस्वामी भी शामिल हैं। स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा कुल 35.89 लाख रुपए बरामद किए गए हैं|
इससे पहले, एग्जाम पेपर लीक करने के मामले में उत्तराखंड स्थित एक यूनिवर्सिटी के दो कर्मचारियों को 28/29 जुलाई, 2022 की देर रात एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया था।
उत्तराखंड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग ने दिसंबर 2021 में 916 पदों के लिए विभिन्न विभागों में स्नातक स्तरीय परीक्षाएं कराई थीं। इसमें लगभग दो लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। एक लाख साठ हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की थी। परिणाम आने के बाद कई छात्र संगठनों ने सवाल खड़े किए थे।
एग्जाम पेपर लीक करने के मामले में एसटीएफ ने रविवार (24 जुलाई) को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों की पहचान जयजीत दास निवासी पंडितवाड़ी देहरादून, मनोज जोशी निवासी ग्राम मयोली अल्मोड़ा, मनोज जोशी निवासी ग्राम पाटी चंपावत, कुलवीर सिंह चौहान निवासी चांदपुर बिजनौर, शूरवीर सिंह चौहान निवासी कालसी देहरादून और गौरव नेगी निवासी किच्छा ऊधमसिंह के रूप में हुई थी।