नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर तोड़फोड़ हुई है| आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को आरोप लगाया कि ,भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर तोड़फोड़ की है| आम आदमी पार्टी ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए ये आरोप लगाया है|
आम आदमी पार्टी (AAP) ने ट्वीट किया,''मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal के घर के बाहर भाजपा नेताओं की तोड़फोड़। धरने पर बैठे बीजेपी नेताओं ने मुख्यमंत्री के घर पे लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े।
वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर दिल्ली बीजेपी ने कहा है कि आप घटिया राजनीति पर उतर आई है। दिल्ली भाजपा ने ट्वीट किया,' AAP इस स्तर की घटिया राजनीति पर उतर आई है कि अब वो वहाँ बैठीं भाजपा की निगम पार्षदा पर नज़र रखने के लिए नए CCTV लगवा दिए जबकि CM हाउस के बाहर पहले से ही बहुत कैमरें हैं। ये किसी भी महिला की निजता पर हमला है। AAP का महिला विरोधी चेहरा एक बार फिर उजागर हो चुका है। बेहद शर्मनाक।
बता दें कि बीजेपी के कार्यकर्ता नगर निगम के बकाये के भुगतान को लेकर उनके घर के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले बीजेपी नेताओं पर उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर हमले का आरोप लग चुका है।
BJP का दावा है कि दिल्ली सरकार उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी नगर निगमों का बकाया 13 हजार करोड़ रुपये नहीं दे रही है| वहीं आप का आरोप है कि भाजपाशासित नगर निगमों ने 2500 करोड़ रुपये का घोटाला किया है| आप ने सवाल उठाया है कि भाजपा को प्रदर्शन की अनुमति दी गई है, लेकिन उनकी पार्टी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घर विरोध करने की इजाजत नहीं मिली|
वहीं,''आम आदमी पार्टी का आरोप है कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम में ढाई हजार करोड़ रुपए से अधिक का घोटाला हुआ है। नॉर्थ MCD में ढाई हजार करोड़ घोटाले की जांच की मांग को लेकर गृह मंत्री अमित शाह व LG के घर प्रदर्शन करने जा रहे आप विधायक और दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा, विधायक आतिशी समेत नौ लोगों को हिरासत में ले लिया गया|
2500 करोड़ के घोटाले पर CBI जांच की मांग पर AAP MLA आतिशी मार्लेना ने कहा,''आज जब हम LG साहब से मिलने पहुंचे तो वहां लगभग 400 पुलिसकर्मी तैनात थे। LG साहब ने हमसे मिलने से मना कर दिया। जिस तरह से अमित शाह जी ने MLAs को उनके घरों से निकलने नहीं दिया उससे लगता है कि इस घोटाले के तार काफी ऊपर तक जुड़े हैं|
AAP MLA आतिशी मार्लेना ने कहा,'हम ये जानना चाहते हैं कि LG साहब BJP के कौन से नेताओं को बचा रहे हैं? इस देश के गृहमंत्री अमित शाह इस घोटाले में शामिल देश के किन बड़े नेताओं बचा रहे हैं? अगर ऐसा नहीं है तो हमसे मिलने से मना क्यों किया गया और MLAs को जबरदस्ती हिरास्त में क्यों लिया गया|
दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने कहा,'हमने पहले से ही LG साहब से अपनी मुलाकात के बारे में पुलिस को सूचना दी थी फिर भी मैं जैसे ही घर से निकला पुलिस ने मुझे राजेंद्र नगर थाने में हिरासत में ले लिया। हम घोटाले की आवाज और जांच की मांग न करें इसलिए अमित शाह की पुलिस हमें दबा रही है और गिरफ़्तार कर रही है|