नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में तेज़ी से बढ़ते कोरोना मामलों के बीच दिल्ली में 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगा दिया गया है| आज रात 10 बजे से अगले सोमवार (26 अप्रैल) तक लॉकडाउन लागू रहेगा| मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूरी दिल्ली में आज रात से अगले सोमवार तक Lockdown लागू करने का ऐलान किया है| केजरीवाल ने कहा है कि यह लॉकडाउन बड़ी त्रासदी से बचने के लिए लगाया गया है| उन्होंने कहा कि जब कोई रास्ता नहीं बचा था, तब लॉकडाउन का फैसला लिया गया है|
दिल्ली में तेज़ी से बढ़ते कोरोना मामलों को लेकर दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि,''पिछले 24 घंटे में लगभग 23,500 मामले आए हैं। संक्रमण दर बहुत ज्यादा बढ़ गई है। दिल्ली के अस्पतालों में बेड की भारी कमी हो रही है। ICU बेड लगभग खत्म हो रहे हैं। 100 से भी कम ICU बेड बचे हैं। दवाईयों की कमी हो रही है|
केजरीवाल ने कहा कि,''दिल्ली में आज रात 10 बजे से अगले सोमवार को सुबह 5 बजे तक 6 दिन के लिए लॉकडाउन लगाया जा रहा है| इस दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। लोगों की शादियां केवल 50 लोगों के साथ सम्पन्न होंगी, उसके लिए अलग से पास दिए जाएंगे। मुझे उम्मीद है कि यह छोटा लॉकडाउन है और छोटा ही रहेगा और शायद इसे बढ़ाने की जरूरत नहीं पडे़गी|
दिल्ली छोड़कर मत जाइएगा। आने जाने में इतना समय खराब हो जाएगा। सरकार आपका पूरा ख्याल रखेगी। यह निर्णय हमने मुश्किल से लिया है। इन 6 दिनों के लॉकडाउन में हम दिल्ली में बड़े स्तर पर बेड की व्यवस्था करेंगे। केंद्र सरकार हमारी मदद कर रही है। हम इसके लिए शुक्रगुजार हैं: दिल्ली के CM
हमारी स्वास्थ्य व्यवस्था बहुत ज्यादा तनाव में है। किसी भी व्यवस्था की अपनी सीमाएं हैं। हम केंद्र सरकार के लगातार संपर्क में हैं। इस लॉकडाउन में हम दवाईयां और ऑक्सीजन की व्यवस्था करेंगे। सभी से गुजारिश है कि लॉकडाउन का पूरी तरह पालन करें। इस दौरान घर से बाहर न निकलें: दिल्ली के CM